उज्जैन में देर रात पुरानी रंजिश में चली गोलियां, दो सगे भाइयों की मौत, भाजपा नेता व पुत्र घायल
नीलगंगा चौराहे पर शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों की गोली लगने से मौत हो गई। घटना में भाजपा कार्यकर्ता दिलीप राव गोर…और पढ़ें

HighLights
- पुरानी रंजिश को लेकर दो दर्जन से अधिक लोगों ने किया हमला
- पुराने विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात
- भाजपा कार्यकर्ता दिलीप राव गोरकर और उसका पुत्र तपन राव गोरकर घायल हो गए
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नीलगंगा चौराहे पर शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों की गोली लगने से मौत हो गई। घटना में भाजपा कार्यकर्ता दिलीप राव गोरकर और उसका पुत्र तपन राव गोरकर घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नीलगंगा पुलिस के अनुसार गोरकर और पासी परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शनिवार रात पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पासी परिवार से जुड़े दो दर्जन से अधिक लोगों ने शनिवार रात को गोरकर परिवार पर हमला कर दिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पिस्टल से फायरिंग
हमले के दौरान पिस्टल से फायरिंग भी की गई। गोली लगने से लोकेश पुत्र दिलीप राव गोरकर और उसके भाई जय गोरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में दिलीप राव गोरकर और उनके पुत्र तपन राव भी घायल हुए हैं।
अफरा तफरी
वारदात के बाद नीलगंगा चौराहे और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग और हमले में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
महिला संबंधी विवाद से शुरू हुई थी रंजिश
कुछ माह पूर्व गोरकर और पासी परिवारों के बीच महिला संबंधी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। उस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआइआर भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस अब पुराने विवाद और शनिवार रात हुई फायरिंग की घटना के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।