महाकाल मंदिर की उज्जैन दर्शन बस सेवा शुरू, सिर्फ 100 रुपये में 10 प्रमुख मंदिर ले जाएंगे


रोज सुबह 7.30 बजे हरसिद्धि चौराहा से चलने वाली बस सिर्फ 100 रुपये में बड़ा गणेश, कालभैरव, मंगलनाथ समेत 10 प्रमुख मंदिरों के दर्शन कराएगी। …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 08:30:47 AM (IST)Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 08:39:38 AM (IST)

महाकाल मंदिर की उज्जैन दर्शन बस सेवा शुरू, सिर्फ 100 रुपये में 10 प्रमुख मंदिर ले जाएंगे
महाकाल मंदिर और समिति की उज्जैन दर्शन बस। 

HighLights

  1. भक्तों ने की दो शिफ्ट में 60 सीटर बस चलाने की मांग
  2. मंदिर समिति ने कहा भविष्य में बढ़ेगी सुविधाएं
  3. भक्तों को दर्शन के लिए नहीं खर्च करने होंगे ज्यादा रुपये

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकाल मंदिर समिति की उज्जैन दर्शन बस सेवा शुरू हो गई है। प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे हरसिद्धि चौराहा से बस का परिचालन किया जा रहा है। मंदिर समिति देशभर से आने वाले भक्तों को मात्र 100 रुपये शुल्क में सुविधा का सफर करा रही है। बच्चों के लिए किराए की दर आधी कर दी गई है। छोटे बच्चों का टिकट सिर्फ 50 रुपये है।

सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया मंदिर समिति भक्तों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकल्पों का संचालन करती है। इनमें उज्जैन दर्शन बस सेवा भी शामिल है। शहर के भीतर और बाहर 10 प्रमुख मंदिरों के दर्शन करने जाने के लिए मंदिर समिति की उज्जैन दर्शन बस सेवा एक बेहतर विकल्प है।

समिति काफी कम किराए में भक्तों को यह सुविधा प्रदान कर रही है। प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे हरसिद्धि चौराहा से बस उज्जैन दर्शन यात्रा के लिए रवाना होती है। यात्री बस में ही टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

उज्जैन दर्शन में यह मंदिर शामिल

  • बड़ा गणेश
  • शक्तिपीठ हरसिद्धि
  • कालभैरव
  • मंगलनाथ
  • सिद्धनाथ
  • सांदीपनि आश्रम
  • गढ़कालिका माता
  • स्थिरमन गणेश
  • भर्तृहरि गुफा
  • चिंतामन गणेश

महंगे किराए से मुक्ति, श्रावण में मिलेगी सुविधा

महाकाल मंदिर समिति की उज्जैन दर्शन बस सेवा का परिचालन शुरू होने से भक्तों को आटो, ई रिक्क्षा, टैक्सी आदि के महंगे किराए से मुक्ति मिलेगी। श्रद्धालु बजट अनुसार यात्रा कर सकेंगे। बस सेवा शुरू होने से श्रावण मास में भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले भक्तों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।

भक्तों की मांग दो शिफ्ट में 60 सीटर बस चले

महाकाल मंदिर समिति की कम किराए में आराम दायक बस से उज्जैन दर्शन की सुविधा भक्तों को रास आ रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर समिति 37 सीटर बस का संचालन कर रही है और वह भी एक समय। समिति को दो शिफ्टों में 60-60 सीटर बस चलाना चाहिए, ताकि ज्यादा भक्तों को सुविधा मिल सके।

छह माह से बंद थी बस सेवा, प्रशासक ने शुरू कराई

महाकाल मंदिर की उज्जैन दर्शन बस सेवा बीते कई माह से यह सेवा बंद पड़ी थी। प्रशासक प्रथम कौशिक ने भक्तों की सुविधा के लिए इसे फिर से शुरू कराया है। इन दिनों शहर में सिंहस्थ महाकुंभ के निर्माण कार्य प्रगति पर है।

इसलिए आवागमन व यात्री सुविधा की दृष्टि 37 सीटर बस चलाई जा रही है आने वाले समय में सुविधा का विस्तार किया जाएगा। नया बस स्टाप तथा आधुनिक बुकिंग काउंटर भी बनाया जाएगा। बता दें कुछ समय पहले चारधाम मंदिर पार्किंग के यहां यह सभी सुविधा उपलब्ध थी, नवनिर्माण के चलते सभी बंद हो गई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *