बयान देने बुलाकर थाने से भगा दिया, अभद्रता का आरोप, पेट्रोल डालने की भी काेशिश, लोगों ने लगाया जाम
मृतक के स्वजन ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान स्वजन ने बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने का भी प्रयास किया। …और पढ़ें

HighLights
- मोहित हत्याकांड में बयान देने के लिए पुलिस ने स्वजन को थाने बुलाया था
- स्वजन ने अभद्रता का लगाया आरोप, पेट्रोल डालने की भी काेशिश
- स्वजन का आरोप है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नलिया बाखल क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में सोमवार को महाकाल थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ। मृतक के स्वजन ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान स्वजन ने बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने का भी प्रयास किया। स्वजन का आरोप है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।
नलिया बाखल क्षेत्र में 28 मई की रात को मोहित पुत्र प्रेमनारायण मंसोरिया उम्र 18 वर्ष निवासी रविशंकर नगर की कुछ लोगों ने विवाद के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के मामले में पुलिस ने एकलव्य पुत्र विनोद शर्मा 19 वर्ष निवासी पुष्कर बावड़ी नलिया बाखल सहित दो नाबालिगाें को गिरफ्तार किया था। एकलव्य को जेल भेजा गया था, जबकि दोनों नाबालिगों को कोर्ट ने बाल संप्रेषणगृह भेजने के आदेश जारी कर दिए थे।
थाने से बाहर भगाया, धरने पर बैठे स्वजन
मृतक मोहित के स्वजन को सोमवार को महाकाल पुलिस ने बयान देने के लिए बुलाया था। जहां स्वजन ने पुलिसकर्मियों से हत्याकांड की जांच व सबूतों के बारे में जानकारी मांगी तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने से बाहर भगा दिया था। जिससे स्वजन नाराज हो गए और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान एक महिला वाहन के आगे लेट गई थी। कुछ स्वजन ने बाइक पर पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने का प्रयास किया।
अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मामला शांत करवाया
स्वजन का आरोप है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। सूचना मिलने पर टीआई गगन बादल व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मामला शांत करवाया। टीआइ बादल का कहना है कि तेज हवा के कारण बिजली गुल होने के कारण स्वजन को बाहर बैठने के लिए कहा था। गलतफहमी हो गई कि उन्हें बाहर भगाया गया।