महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ होटल बुकिंग के नाम पर ठगी, पुलिस ने बंद करवाईं 11 और फर्जी वेबसाइटें
11 फर्जी वेबसाइट को चिह्नित कर महाकाल थाना पुलिस ने बंद करवाया है। इससे पहले भी 22 वेबसाइट बंद कराई जा चुकी हैं। अब तक 33 वेबसाइट को बंद करवाया गया है …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु रहें सावधान
- महाकाल थाना पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा विधिक प्रहार
- होटलों और भक्त निवास के नाम पर चल रहा था ये फर्जीवाड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं। इन श्रद्धालुओं से मंदिर के समीप होटल में कमरा बुक करने के नाम पर ठगी की जा रही थी। ऐसी 11 वेबसाइट को चिह्नित कर महाकाल थाना पुलिस ने बंद करवाया है। इससे पहले भी 22 वेबसाइट बंद कराई जा चुकी हैं। अब तक 33 वेबसाइट को बंद करवाया गया है।
साइबर अपराधियों का तरीका और श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि श्री महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालु मंदिर के समीप ठहरने के लिए होटल की सर्चिंग ऑनलाइन करते हैं। इसी का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने इंटरनेट पर कई नामी होटलों, धर्मशालाओं और भक्त निवास से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइटें बना रखी हैं। होटलों में कमरा बुकिंग के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइट में श्रद्धालुओं को झांसा देकर एडवांस रुपये ऑनलाइन जमा करवाए जाते हैं।
शिकायतों के बाद पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु इन साइट्स के जरिए एडवांस पेमेंट कर कमरे बुक करवा लेते थे, लेकिन जब वे उज्जैन पहुंचते तो वहां उनकी कोई बुकिंग ही नहीं मिलती थी। यहां आकर पता चलता था कि उनके साथ ठगी हो गई है। पुलिस ने कई मामलों में ठगे गए श्रद्धालुओं को उनके रुपये भी रिफंड करवाए हैं।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- होटल, धर्मशाला अथवा भक्त निवास की ऑनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वेबसाइट व पोर्टल का ही उपयोग करें।
- किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर अथवा संदिग्ध वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान करने से पूर्व जानकारी सत्यापित करें।
- साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।
- ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा सकती है।