उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, 5 कोच की खिड़कियों के कांच फूटे
हरिफाटक पुल के नीचे सोमवार रात को बदमाशों ने वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। रात करीब 11 बजे चार-पांच युवकों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। जिससे ट् …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव
- 5 कोच की खिड़कियों के कांच फूटे
- सीसीटीवी कैमरों में दिखे संदिग्ध
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। हरिफाटक पुल के नीचे सोमवार रात को बदमाशों ने वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। रात करीब 11 बजे चार-पांच युवकों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। जिससे ट्रेन के पांच कोचों की खिड़कियों के कांच फूट गए। पथराव से यात्रियों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ व नीलगंगा पुलिस पथराव करने वालों की तलाश में जुटी है।
हरिफाटक पुल के समीप बदमाशों ने की वारदात
आरपीएफ ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे नागपुर से इंदौर जाने वाली ट्रेन संख्या 20912 वंदेभारत एक्सप्रेस हरिफाटक पुल के समीप से गुजर रही थी। उसी दौरान पटरी किनारे खड़े चार से पांच युवकों ने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया था।
पथराव से पांच कोचों की खिड़कियों के कांच फूटे
पत्थर लगने से कोच क्रमांक सी 7, सी 8, सी 9, सी 10 व ई 1 कोच की खिड़कियों के कांच फूट गए थे। पथराव से कोचों में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया था।
सीसीटीवी कैमरों में दिखे संदिग्ध
सूचना मिलने पर आरपीएफ व नीलगंगा पुलिस का बल मौके पर पहुंचा था, जहां युवकों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पथराव करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।