उज्जैन के उन्हेल में घर में घुसकर किन्नरों पर हमला, साढ़े तीन लाख रुपये और जेवर भी ले गए बदमाश
उज्जैन के उन्हेल स्थित नई दिल्ली क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने किन्नर कविता के घर धावा बोला और कैश सहित घर में रखे सोने-चांदी के जेवर ले गए। …और पढ़ें

HighLights
- छत के टावर से घुसे दो नकाबपोश, दरवाजा खोलकर तीसरे बदमाश को बुलाया अंदर
- तलवार लाठी पाइप से किया हमला, साढ़े तीन लाख नकद और जेवर भी लूटे
- घायल किन्नर कविता उज्जैन रेफर, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उन्हेल के नई दिल्ली क्षेत्र में रहने वाले दो किन्नरों के घर पर सोमवार रात को नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। दो बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और दरवाजा खोलकर तीसरे को बुला लिया। तीनों ने दोनों किन्नरों पर तलवार व लाठी तथा पाइप से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद अलमारी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये नकद व सोने का मंगलसूत्र व दो जोड़ चांदी की पायजेब उतरवाकर ले गए।
घायलों को उन्हेल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां से एक को उज्जैन रैफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्हेल के नई दिल्ली क्षेत्र में किन्नर कविता अपनी सेवक मिष्टी के साथ रहती है। सोमवार रात करीब 11 बजे कविता के घर की छत पर बने टावर से दो नकाबपोश बदमाश अंदर घुस गए थे।
इसके बाद बदमाशों ने नीचे जाकर मुख्य दरवाजा खोल दिया बाहर खड़ा तीसरा नकाबपोश अंदर आ गया था। एक के हाथ में तलवार व दो के हाथों में लाठी व पाइप थे। तीनों ने पहले कविता किन्नर को जमकर पीटा और तलवार से हमला कर घायल कर दिया, बीच-बचाव करने आई मिष्टी को भी पीट दिया।
पड़ोसियों को फोन लगाकर वारदात की जानकारी दी
इसके बाद दोनों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कविता के गले से सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया और दोनों किन्नरों के पैरों से चांदी की पायजेब भी उतरवा ली। कमरे में रखी अलमारी से साढ़े तीन लाख रुपये भी निकाल लिए थे। इसके बाद वह भाग निकले।
किन्नरों ने पड़ोसियों को फोन लगाकर वारदात की जानकारी दी थी। जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां से किन्नर कविता को गंभीर हालत में उज्जैन रैफर किया गया है।
पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
उन्हेल टीआई संतोष कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घर में घुसकर हमला व लूट की वारदात संदिग्ध लग रही है। बदमाशों ने रात दस से 11 बजे के बीच ही वारदात को अंजाम देना बताया जा रहा है। मारपीट में सेवक को चोट नहीं लगी है। मामले में संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।