इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत, युवक का अपहरण कर मांगी 50 लाख की फिरौती
अपहरण के बाद बदमाशों ने हैदर के स्वजन को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। 26 लाख रूपये में बात तय हुई थी। परिवार के लोगों ने किसी तरह 10 लाख रुपये…और पढ़ें

HighLights
- युवती के जरिए बुलाकर वारदात की आशंका।
- अश्लील वीडियो बनाकर कर रहे थे ब्लैकमेल।
- आंखों पर पट्टी बांधकर उसे अपने साथ ले गए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नरवर निवासी हैदर पटेल को सोशल मीडिया के माध्यम से परिचित बनी एक युवती ने काम की जरूरत बताकर उसे उज्जैन बुलाया, जहां से उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की, आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए और अश्लील वीडियो बनाकर स्वजन से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मामले में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हैदर पटेल की पहचान इंस्टाग्राम पर अंजली ठाकुर नामक युवती से हुई थी। 18 जुलाई को युवती ने हैदर को फोन कर बताया कि उसे काम की आवश्यकता है। इस पर हैदर अपनी कार से नरवर से उज्जैन पहुंचा। नानाखेड़ा क्षेत्र में उसकी युवती से मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि हैदर ने अपने एक परिचित होटल संचालक से युवती की मुलाकात भी करवाई थी।
इसके बाद हैदर युवती को कार में बैठाकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान इंदौर रोड स्थित तपोभूमि क्षेत्र के समीप दो कारों में सवार होकर आए पांच से छह लोगों ने उसकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपितों ने हैदर के साथ मारपीट की और उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे अपने साथ ले गए।
अपहरण के बाद बदमाशों ने हैदर के स्वजन को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। 26 लाख रूपये में बात तय हुई थी। परिवार के लोगों ने किसी तरह 10 लाख रुपये की व्यवस्था कर आरोपितों को दे दिए। इसके बावजूद आरोपितों ने हैदर की कार, सोने की चेन और घड़ी अपने कब्जे में रख ली तथा शेष 16 लाख रुपये की मांग करते रहे।
सूचना मिलने पर नानाखेड़ा थाना पुलिस सक्रिय हुई और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अंजली ठाकुर नामक युवती के माध्यम से हैदर को योजनाबद्ध तरीके से फंसाया गया और इसके बाद पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार मामले में एक आरोपित का नाम लोकेश शर्मा सामने आ रहा है। पुलिस उसके साथ अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी भी आरोपित की भूमिका पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। मामले को अपहरण, फिरौती और लूट जैसी गंभीर धाराओं के तहत जांच में लिया गया है।