बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर की है। थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित हरनियाखेड़ा गांव में दंपती के साथ मारपी…और पढ़ें

HighLights
- जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र के हरनियाखेड़ा गांव में अमानवीयता, ससुर समेत 11 पर केस; तीन गिरफ्तार
- तीन साल पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ विवाह कर चली गई थी
- महिला जब अपने पति के साथ गांव पहुंची तो पूर्व पति के स्वजन और कुछ ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र के हरनियाखेड़ा गांव में महिला और उसके दूसरे पति के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। तीन साल पहले पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ विवाह करने वाली महिला जब अपने पति के साथ गांव पहुंची तो पूर्व पति के स्वजन और कुछ ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपितों ने महिला के बाल काट दिए, कपड़े फाड़ दिए और दंपती को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आठ अन्य आरोपित फरार हैं। गुरुवार को एक वीडियो बहुप्रसारित होने पर मामला सामने आया।
पुलिस पहुंची तो गांव में भगदड़ मच गई
झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर की है। थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित हरनियाखेड़ा गांव में दंपती के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर पुलिस ने सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 30 वर्षीय महिला का विवाह गांव के एक युवक से हुआ था। करीब तीन वर्ष पूर्व वह अपने पहले पति को छोड़कर गांव के ही दूसरे युवक के साथ चली गई थी। दोनों ने बाद में विवाह कर लिया और इंदौर में रह रहे थे। मंगलवार को दंपती जमीन के मामले में गांव पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही महिला के ससुर ने गांव के कुछ लोगों को बुलाया और दोनों को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े और दोनों को अपमानित करते हुए गांव में घुमाया।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोगों ने महिला व उसके पति को बचाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित दंपती के बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना प्रभारी भाबोर ने बताया कि मामले में 11 नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। तीन आरोपित सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। जबकि आठ की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।