महाकाल मंदिर के गणेश मंडपम में दिल्ली के कपल ने एक-दूसरे को पहनाई अंगूठी, वीडियो वायरल होने पर भड़की मंदिर समिति
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में दिल्ली के युगल द्वारा एक-दूजे को अंगूठी पहनाने का वीडियो सामने आया है। इसमें युवक-युवती गणेश मंडपम् में खड़े होकर एक-दूस …और पढ़ें

HighLights
- गणेश मंडपम मे कपल ने एक-दूसरे को पहनाई अंगूठी
- दोहरे नियमों के उल्लंघन का मामला बताया गया
- समझाइश के बाद भी वीडियो किया सार्वजनिक
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में दिल्ली के युगल द्वारा एक-दूजे को अंगूठी पहनाने का वीडियो सामने आया है। इसमें युवक-युवती गणेश मंडपम् में खड़े होकर एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते दिख रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद मंदिर प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। अफसरों का कहना है कि युवक-युवती के खिलाफ दर्शन बाधित करने तथा बिना अनुमति व शुल्क चुकाए वीडियो बनाने का प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।
दोहरे नियमों के उल्लंघन का मामला
सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि दिल्ली निवासी युवक-युवती का एक वीडियो इंटरनेट माध्यमों पर बहुप्रसारित हुआ था। इसमें दोनों मंदिर के गणेश मंडपम में खड़े होकर एक दूसरे को अंगूठी पहना रहे हैं। दोनों ने इस प्रसंग का एक वीडियो भी शूट किया और बाद में इंटरनेट माध्यमों पर इसे बहुप्रसारित भी कर दिया।
यह घटना दोहरे नियमों के उल्लंघन की है, पहला युवक-युवती ने गणेश मंडपम के प्रथम बैरिकेड्स में खड़े होकर एक दूसरे को अंगूठी पहनाई। इससे दर्शन बाधित हुए और अन्य भक्तों को काफी परेशानी हुई। दूसरा मंदिर में वीडियोग्राफी के लिए अनुमति आवश्यक है, इसके लिए मंदिर समिति द्वारा निर्धारित 51 हजार रुपये की रसीद कटवाना भी अनिवार्य है। दोनों ने इस नियम का पालन भी नहीं किया है। ऐसे में दोनों मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
समझाइश के बाद भी वीडियो किया सार्वजनिक
सहायक प्रशासक फलवाड़िया ने बताया वीडियो बहुप्रसारित होने की जानकारी मिलने पर गुरुवार को उन्होंने युवक-युवती से संपर्क कर इंटरनेट माध्यमों से वीडियो हटाने का कहा था। उस समय तो वीडियो को प्राइवेट कर दिया गया, लेकिन शुक्रवार को फिर से एक अन्य वीडियो को जोड़ते हुए सारे वीडियो सार्वजनिक कर दिए गए। मंदिर के नियमों को धता बताने और समझाइश के बाद भी सहयोग नहीं करने पर मंदिर समिति कानूनी कार्रवाई का मन बना रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।