उज्जैन में चलती कार की छत पर लेटा युवक, पकड़ा तो कान पकड़कर मांगी माफी; 3 हजार रुपये का चालान भी कटा
उज्जैन में चलती कार की छत पर लेटे युवक का वीडियो वायरल होने पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। …और पढ़ें

HighLights
- वीडियो वायरल होने के बाद कार क्रमांक एमपी 13 सीई 0723 को ट्रेस कर जब्त किया
- कार पर लेटे युवक हेमेंद्रसिंह पाटीदार और ड्राइवर अथर्व पाटीदार की पहचान हुई
- दोनों ने कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में दोबारा न करने का आश्वासन दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कार पर लेटा हुआ है। पीछे चल रही कार के ड्राइवर ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। वीडियो में नजर आ रही कार के नंबर के आधार पर चालक व छत पर लेटे युवक की यातायात पुलिस ने पहचान की थी। कार जब्त कर थाने लाया गया था। जहां ड्राइवर व छत पर लेटे युवक ने कान पकड़कर माफी मांगी।
यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में हरिफाटक क्षेत्र के पास एक युवक चलती कार की छत पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे उसकी एवं अन्य राहगीरों की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था। वायरल वीडियो के आधार पर कार क्रमांक एमपी 13 सीई 0723 को ट्रेस किया गया।
तीन हजार रुपये का चालान काटा
कार पर लेटे युवक की पहचान हेमेंद्रसिंह पुत्र विजय सिंह पाटीदार, निवासी आजाद नगर तथा कार ड्राइवर की पहचान अथर्व पुत्र नितेश पाटीदार निवासी पार्श्वनाथ सिटी के रूप में की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत तीन हजार रुपये का चालान काटा है।
इसके साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने एवं भविष्य में इस प्रकार की खतरनाक हरकत दोबारा न करने की सख्त समझाइश दी गई। दोनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं करने का आश्वासन दिया।