उज्जैन में CCTV कैमरे पर स्प्रे कर एटीएम तोड़ रुपये निकालने की कोशिश, पिछले कुछ दिनों में 25 मशीनें बनी निशाना
उज्जैन में देवास रोड स्थित आश्रय होटल के पास एक्सिस बैंक के एटीएम में एक नकाबपोश बदमाश ने 11 जुलाई शाम 5 बजे सेंध लगाने की कोशिश की।

HighLights
- पूरी घटना के दौरान एटीएम का अलार्म भी सक्रिय नहीं हुआ
- इसके पहले कई एटीएम के कीपैड में क्यू-फिक्स डालकर खराब किया गया है
- दर्शन के बहाने उज्जैन आता है गिरोह जो एटीएम को बनाता है निशाना
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। देवास रोड स्थित आश्रय होटल के समीप दोपहिया वाहन शोरूम के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में एक नकाबपोश बदमाश ने सेंध लगाने का प्रयास किया। बदमाश ने पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर उसे निष्क्रिय करने की कोशिश की, इसके बाद एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर उसे तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया। हालांकि वह रुपये ले जाने में सफल नहीं हो सका। घटना के समय एटीएम में लाखों रुपये रखे हुए थे।
माधव नगर पुलिस के अनुसार घटना 11 जुलाई की शाम करीब पांच बजे की है। वारदात के दौरान बदमाश ने कैमरे की फुटेज से बचने के लिए लगातार हाथ से अपना चेहरा ढंक रखा था। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना के दौरान एटीएम का अलार्म भी सक्रिय नहीं हुआ। बदमाश की छेड़छाड़ के कारण एटीएम मशीन खराब हो गई है।
बैंक प्रबंधन ने मशीन की मरम्मत के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र भेजकर उसे जल्द दुरुस्त कराने को कहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी रखता था। इसलिए वह चेहरे पर मास्क लगाकर आया था। सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
सात एटीएम को बना चुके निशाना
सूत्रों के अनुसार इसी माह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सात एटीएम बदमाशों के निशाने पर आ चुके हैं। वहीं पिछले कुछ दिनों में बदमाश शहर के विभिन्न क्षेत्रों के करीब 25 एटीएम में छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई थीं। कई एटीएम के कीपैड में क्यू-फिक्स डालकर मशीनों को बाधित करने का प्रयास किया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से बैंक प्रबंधन और पुलिस की चिंता बढ़ गई है।
महाकाल दर्शन के बहाने आ रही गैंग
पुलिस यह आशंका भी जता रही है कि वारदात किसी ऐसे गिरोह ने की है, जो महाकाल दर्शन के बहाने उज्जैन आता है और शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगे एटीएम को निशाना बनाकर वारदात करने के बाद वापस लौट जाता है।
सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ समय से एटीएम से छेड़छाड़ की लगातार हो रही घटनाओं का तरीका भी एक जैसा है। हालांकि अब तक किसी भी मामले में पुलिस के हाथ कोई बड़ा सुराग नहीं लगा है और न ही गिरोह के सदस्यों की पहचान हो सकी है। पुलिस विभिन्न सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।