उज्जैन में भैंस के तबेले में कर्मचारी की फावड़ा मारकर हत्या, दोस्त के साथ पी रहा था शराब
मृतक दोस्त के साथ शराब पी रहा था। उसी दौरान विवाद होने पर उसने फावड़े से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महाकाल पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया ह …और पढ़ें

HighLights
- मुरलीपुरा में शराब पीने के दौरान विवाद होने पर दोस्त ने उतारा मौत के घाट
- चेहरे पर मिले चोट के निशान, रक्त रंजित मिला शव, आरोपी हिरासत में
- मृतक तबेले में मवेशी की देखभाल करता था
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र के मुरलीपुरा में सोमवार को भैंस के तबेले में कर्मचारी का रक्त रंजित शव मिला है। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
मृतक अपने दोस्त के साथ शराब पी रहा था। उसी दौरान विवाद होने पर उसने फावड़े से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महाकाल पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि मुरलीपुरा क्षेत्र में सुभाष रायकवार नामक व्यक्ति का भैंस बांधने का बाड़ा है। जहां पर मुकेश नायक नामक युवक काम करता था। वह मवेशी की देखभाल करता था। सोमवार को रायकवार तबेले पर पहुंचा तो मुकेश का रक्त रंजित शव पड़ा हुआ था। उसके चेहरे पर चोट के गंभीर निशान थे।
समीप ही पड़े फावड़े पर खून लगा हुआ था। सुभाष ने पुलिस को सूचना दी थी। बताया जा रहा है कि मृतक मुकेश अपने किसी दोस्त के साथ तबेले में ही बैठकर शराब पी रहा था। उसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। दोस्त ने समीप रखा फावड़ा उठाकर मुकेश पर हमला कर दिया था। चेहरे पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मुकेश की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत, कमरे में मिला शव
उज्जैन: माधव नगर थाना क्षेत्र के अशोक नगर में रविवार को एक युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक टावर चौराहे पर एक रेस्टारेंट में काम करता था। वह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था। यहां वह अपने दोस्तों के साथ किराए के मकान में रहता था। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अजय पुत्र संतोखसिंह उम्र 30 वर्ष निवासी मुस्तदाबाद अमृतसर उज्जैन में टावर चौक पर स्थित एक रेस्टारेंट में काम करता था। यहां वह अशोक नगर में किराए के मकान में रहता था। रविवार को वह शाम को काम पर नहीं गया था। अशोक नगर स्थित कमरे पर ही था। देर रात करीब एक बजे उसके साथी कमरे पर आए तो अजय मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मृतक एक माह पूर्व ही उज्जैन आया था। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। उसके स्वजन को जानकारी दी गई है। उनके उज्जैन आने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
चरक अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत
उज्जैन: चरक अस्पताल में रविवार रात को इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका के स्वजन ने अस्पताल में उपचार में लपरवाही के आरोप लगाकर हंगामा किया है। महिला को सांस लेने में परेशानी के चलते अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस ने बताया कि पुष्पा पत्नी योगेश उम्र 32 वर्ष निवासी कमल कालोनी गर्भवती थी। रविवार को उसकी तबीयत एकाएक बिगड़ गई थी। सांस लेने में परेशानी के चलते उपचार के लिए उसे स्वजन चरक अस्पताल ले गए थे। जहां इलाज के दौरान देर शाम को महिला की मौत हो गई। जिससे स्वजन आक्रोशित हो गए थे। स्वजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि महिला के उपचार में डाक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों ने लापरवाही बरती थी। इस कारण उसकी मौत हुई है। मृतका की एक बेटी है। पुलिस जांच में जुटी है।