उज्जैन में दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को मिली रफ्तार, 272 भवनों की मार्किंग शुरू, 136 मकान जल्द तोड़े जाएंगे
खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस काम पर करीब 9.80 करोड़ रु…और पढ़ें

HighLights
- अब्दालपुरा और जीवाजीगंज क्षेत्र में घटेगा ट्रैफिक का भारी दबाव
- गुदरी से हरसिद्धि पाल तक 14.43 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क
- नपती पूरी होने के बाद हटेगा सड़कों के बीच आ रहा अतिक्रमण
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस काम पर करीब 9.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चौड़ीकरण की जद में 272 भवन आ रहे हैं। सोमवार को नगर निगम के इंजीनियर ने कुछ कर्मचारियों को साथ लेकर रोड के सेंटर से प्रभावित भवनों की नपती और मार्किंग शुरू की।
बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार भवनों के चिह्नित हिस्सों की तोड़ाई कराकर रोड चौड़ा किया जाएगा। बताया कि घनी आबादी और बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर सामान्य दिनों में भी यातायात का दबाव रहता है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने पर दबाव और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 मीटर चौड़ी सड़क से बढ़ेगी क्षमता
अभी मार्ग कई हिस्सों में अपेक्षाकृत संकरा है। 15 मीटर चौड़ाई होने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह मिलेगी। अब्दालपुरा, जीवाजीगंज और गणेश चौक के बीच संपर्क भी सुगम होगा। सिंहस्थ के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए इस मार्ग की क्षमता बढ़ाना तैयारियों का अहम हिस्सा है।
जल्द शुरू होगी 136 मकानों की तोड़ाई
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में गुदरी चौराहा से पानदरीबा, कहारवाड़ी होते हुए हरसिद्धि पाल तक का करीब 570 मीटर मार्ग भी चौड़ा किया जाएगा। मौजूदा करीब 8 से 10 मीटर चौड़े मार्ग को 15 मीटर किया जाना है। चौड़ीकरण की जद में 136 भवन आ रहे हैं और इनकी नपती व मार्किंग की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब प्रभावित हिस्सों की तोड़ाई के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।