उज्जैन में कुत्ते के काटने से गाय की मौत, दूध पीने वाले परिवार के 10 सदस्यों ने लगवाए रैबीज के इंजेक्शन
घोंसला तहसील के रूदाहेड़ा गांव में विष्णुलाल की गाय को 7 दिन पहले कुत्ते ने काटा था। तीन दिन से असामान्य हरकतें कर रही थी, शनिवार दोपहर मौत हो गई।

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन जिले के घोंसला तहसील के रूदाहेड़ा गांव में कुत्ते के काटने के करीब सात दिन बाद गाय की मौत हो गई। गाय मालिक विष्णुलाल के परिवार के सदस्य पिछले कुछ दिनों से इसी गाय का दूध पी रहे थे। गाय की मौत के बाद परिवार में चिंता फैल गई। रविवार सुबह परिवार के 10 सदस्य उपचार के लिए चरक भवन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की सलाह पर सभी को रैबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए गए।
जानकारी के अनुसार करीब सात दिन पहले रूदाहेड़ा गांव में विष्णुलाल की गाय को एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद गाय करीब तीन दिन से असामान्य हरकतें कर रही थी। शनिवार दोपहर गाय की मौत हो गई। परिवार के सदस्य गाय का दूध इस्तेमाल कर रहे थे। गाय की मौत के बाद स्वजन को रैबीज संक्रमण की आशंका हुई और वे रविवार सुबह चरक भवन अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में परिवार के सदस्यों की जांच और जानकारी लेने के बाद उन्हें रैबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए गए। परिवार के जिन सदस्यों को इंजेक्शन लगाया गया, उनमें विष्णुलाल, ताराचंद, हरिशंकर, शांताबाई, संध्या, शिवम, सुमित, भविष्य, संगीता और हंसबाई शामिल हैं।
गाय के व्यवहार में बदलाव के बाद बढ़ी चिंता
परिवार के अनुसार कुत्ते के काटने के बाद गाय के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था। तीन दिनों से वह कुछ अजीब हरकतें कर रही थी। इसके बाद उसकी मौत हो गई। गाय की मौत और उसके दूध का सेवन किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार के सभी सदस्य एहतियात के तौर पर अस्पताल पहुंचे।