उज्जैन जिले में 32 घंटे बाद चंबल नदी में मिला सहायक सचिव का शव, गुरुवार रात नाले में बहने के बाद से जारी थी सर्चिंग
उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गांवड़ी लोढ़ा में गुरुवार रात तेज बहाव वाले नाले में बाइक सहित बहे सहायक पंचायत सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गांवड़ी लोढ़ा के सहायक पंचायत सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा का शव घटना के करीब 32 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब आठ बजे सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान इंगोरिया थाना क्षेत्र के गांवड़ी लोढ़ा के समीप तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय वे बाइक सहित पानी में बह गए थे। सूचना मिलते ही होमगार्ड, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया था तथा रात में ही खोज अभियान शुरू कर दिया गया था।
कुछ घंटे में मिल गई थी बाइक
रेस्क्यू टीम को घटना के कुछ घंटे बाद उनकी बाइक मिल गई थी, लेकिन सहायक सचिव का कोई सुराग नहीं लग सका था। इसके बाद शुक्रवार को उज्जैन से तैराक जवानों की टीम बुलाई गई और एसडीआरएफ तथा होमगार्ड के जवानों ने संयुक्त रूप से नाले से लेकर चंबल नदी तक सघन सर्चिंग की।
लगातार 32 घंटे तक चले अभियान के बाद शनिवार को चंबल नदी में सहायक सचिव का शव मिला। एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना के बाद गांवड़ी लोढ़ा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत सहायक सचिव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।