‘उज्जैन की तरह इंदौर में भी मिले मुआवजा’, इंदौर में मास्टर प्लान तोड़फोड़ के खिलाफ कांग्रेस की मांग, 6 जून को निकलेगी जन अधिकार यात्रा


इंदौर में मास्टर प्लान की सड़कों के चौड़ीकरण के दौरान तोड़े गए वैध निर्माणों के लिए कांग्रेस ने जन अधिकार यात्रा निकाली। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने …और पढ़ें

Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 08:34:38 PM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 08:34:38 PM (IST)

'उज्जैन की तरह इंदौर में भी मिले मुआवजा', इंदौर में मास्टर प्लान तोड़फोड़ के खिलाफ कांग्रेस की मांग, 6 जून को निकलेगी जन अधिकार यात्रा
इंदौर में मास्टर प्लान तोड़फोड़ के खिलाफ कांग्रेस की मांग। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। छावनी, जिंसी सहित अन्य स्थानों पर निगम की तोड़फोड़ का शिकार हुए लोगों के लिए मुआवजे की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि 6 जून शनिवार को कांग्रेस छावनी क्षेत्र में जनअधिकार यात्रा निकालकर मांग करेगी कि छावनी सहित पूरे शहर में जहां भी सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लोगों के निर्माण तोड़े गए हैं, उन सभी को मुआवजा दिया जाए।

उज्जैन में मुआवजा दिया जा सकता है तो इंदौर में क्यों नहीं? जो नियम उज्जैन में लागू किया गया, वह इंदौर में भी लागू किया जाए।

बाजार मूल्य से दोगुना मुआवजा देने की मांग

चौकसे ने कहा कि मधुमिलन चौराहा से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला तक मास्टर प्लान की सड़क का निर्माण करने के लिए निगम ने दशकों पुराने मकान तोड़ डाले। जो हिस्सा तोड़ा गया वह अवैध नहीं था, न ही कोई कब्जा या अतिक्रमण था। लोगों के मकान तोड़कर जो जमीन सड़क निर्माण के लिए ली है, वह लोगों के स्वामित्व की है।

भूमि अधिग्रहण नियम के प्रावधानों के अनुसार जिन लोगों की जमीन ली गई है, उन्हें बाजार मूल्य से दोगुना मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही जो निर्माण तोड़ा गया है, उसकी कीमत का आकलन कर उसका भी मुआवजा दिया जाना चाहिए। शासन ने उज्जैन में वैध निर्माण तोड़ने पर मुआवजा देने का जो प्रावधान लागू किया है, उसे इंदौर में भी लागू किया जाए।

60 फीट चौड़ाई के हिसाब से पास किए जाएं नक्शे

चौकसे ने कहा कि मास्टर प्लान में जो सड़क 80 फीट चौड़ी है, उसे नगर निगम 60 फीट बना रहा है। हमारी मांग है कि इन सड़कों पर नया नक्शा 60 फीट के हिसाब से पास किया जाए। राज्य शासन गजट नोटिफिकेशन जारी करते हुए इन सड़कों की चौड़ाई को अधिकृत रूप से 60 फीट घोषित करे।

शाम पांच बजे शुरू होगी यात्रा

शनिवार 6 जून को निकाली जाने वाली जन अधिकार यात्रा शाम 5 बजे मधुमिलन चौराहा से शुरू होकर जगन्नाथ धर्मशाला तक जाएगी। यात्रा में क्षेत्र के नागरिक शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस मास्टर प्लान की सभी 23 सड़कों के नागरिकों के अधिकार की लड़ाई शुरू करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *