शादीशुदा महिला से इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, रेप करने के बाद करने लगा ब्लैकमेल; 5 लाख रुपये के जेवर ऐंठे
उज्जैन में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक विवाहित महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है।

HighLights
- अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कर रहा था और रुपये की मांग
- पुलिस ने दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग का प्रकरण दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया
- इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद आरोपी कई बार महिला से मिलने उज्जैन आया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक विवाहित महिला से दुष्कर्म कर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। डराकर महिला से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी भी ऐंठ ली। इसके बाद भी वह लगातार रुपये की मांग कर रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है। चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई है।
महिला ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के माध्यम से नागदा के प्रकाश नगर निवासी दुर्गेश परमार से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान दुर्गेश कई बार उज्जैन आया और महिला से मुलाकात की।
फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी
आरोप है कि उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया तथा घूमने के दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर महिला से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी ले ली।