Ujjain में 5 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरी बाइक, बाल-बाल बचा युवक; सीवरेज काम में लापरवाही का वीडियो वायरल
सीवरेज काम के दौरान गदा पुलिया में खुला पांच फीट गहरा गड्ढा हादसे का कारण बना। बाइक सवार गिरा, लोगों ने बचाया। पहले भी खुले गड्ढे में मौत हुई।

HighLights
- गदा पुलिया में सीवरेज काम के दौरान गहरा गड्ढा खुला।
- बाइक सवार अचानक गड्ढे में गिरकर घायल हो गया।
- आसपास के लोगों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
डिजिटल डेस्क। शहर में विकास के नाम पर चल रहा सीवरेज लाइन का काम अब आम जनता के लिए जानलेवा साबित होने लगा है। ताजा मामला हनुमान नाका के गदा पुलिया इलाके का है, जहां लापरवाही से छोड़े गए करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में एक बाइक सवार सीधे जा गिरा। गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
एक हफ्ते से खुदी पड़ी है सड़क
- गदा पुलिया के पास पिछले एक हफ्ते से सीवरेज का काम अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क के बीचों-बीच इतना बड़ा गड्ढा खोदकर उसे लावारिस छोड़ दिया गया है। ठेकेदार और निर्माण एजेंसी की घोर लापरवाही का आलम यह है कि मौके पर लोगों की सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई खतरे का बोर्ड लगाया गया है।
लोगों की तत्परता से बची जान
युवक के गड्ढे में गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बिना कोई देरी किए दौड़ लगाकर युवक को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में युवक को केवल मामूली चोटें ही आईं। अगर वहां लोग मौजूद नहीं होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।