महाकाल मंदिर में कांवड़ियों के हंगामे पर पुलिस सख्त, आरोपियों की तलाश में इंदौर जाएगी टीम
महाकाल मंदिर में नंदी हाल में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से डाक कांवड़ लेकर आए क…और पढ़ें

HighLights
- नंदी हॉल में घुसने से रोकने पर तोड़ी बैरिकेडिंग, दानपेटियों पर चढ़े कांवड़िए
- चार सुरक्षाकर्मी घायल, सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस
- ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से डाक कांवड़ लेकर आए थे करीब 100 कांवड़िये
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : महाकाल मंदिर में नंदी हॉल में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से डाक कांवड़ लेकर आए करीब 100 कांवड़ियों में से कुछ ने नंदी हॉल में जाने की कोशिश की थी।
सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया और कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। घटना में चार सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। महाकाल पुलिस ने मामले में 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है। कुछ आरोपितों के इंदौर के होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम उनकी तलाश में इंदौर जाएगी।
दानपेटियों पर चढ़े, सुरक्षाकर्मियों से हुई झड़प
हंगामे के दौरान कुछ कांवड़िए मंदिर परिसर में रखी दानपेटियों पर भी चढ़ गए। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारने और आगे जाने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कुछ लोगों को पकड़कर महाकाल थाने ले जाया गया। मारपीट में सुरक्षाकर्मी अभिषेक चौधरी के सिर में चोट आई। वहीं रोहित पाटीदार के पैर पर बैरिकेड गिरने से फ्रेक्चर हो गया। दो अन्य सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाए हैं। इनमें हंगामे और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपितों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जाएगी। इंदौर के रहने वाले कुछ लोगों की पहचान सामने आने के बाद पुलिस टीम वहां भी जाएगी।