33 लाख दीपों से जगमगाई महाकाल की नगरी अवंतिका, मुख्यमंत्री ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को उज्जैन में शिप्रा तट से लेकर महाकाल महालोक तक दीपों की ऐसी रोशनी बिखरी कि पूरा शहर जगमगा …और पढ़ें

HighLights
- तीन मिनट में दीपों की जगमगाहट से रोशन हुए घाट
- शिप्रा तट से महाकाल महालोक तक दीपोत्सव
- 25 हजार वालंटियर्स ने एक साथ प्रज्ज्वलित किए दीप
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को उज्जैन में शिप्रा तट से लेकर महाकाल महालोक तक दीपों की ऐसी रोशनी बिखरी कि पूरा शहर जगमगा उठा। रामघाट पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा आशीर्वाद का दीया जलाते ही सायरन बजा और उसके साथ ही शिप्रा नदी के दोनों तटों पर सजे लाखों दीपों को प्रज्ज्वलित** करने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब 25 हजार वालंटियर्स ने महज तीन मिनट में 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित** कर दिए। शिप्रा तट पर करीब 25 लाख तथा महाकाल महालोक में शेष दीप जलाए गए।
पांच घाटों पर सजा दीपों का संसार
दीपोत्सव के लिए रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट सहित शिप्रा तट के विभिन्न स्थानों को दीपों से सजाया गया था। एक साथ लाखों दीपों के प्रज्ज्वलित होते ही घाट रोशनी से नहा उठे। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने भी रामघाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर वालंटियर्स का उत्साह बढ़ाया।
शिप्रा आरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री यादव, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघ शिप्रा आरती में शामिल हुए। सभी ने मां शिप्रा की आराधना और पूजा अर्चना की।
कार्तिक मेला मैदान में दीपों से बनाया मोदी का चित्र
उत्सव के दौरान कार्तिक मेला मैदान में भी विशेष आयोजन हुआ। यहां वालंटियर्स ने दीपों को इस तरह सजाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चित्र उभर आया। दीपों से बने इस चित्र के माध्यम से पीएम नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस का उत्सव मनाया गया।