उज्जैन के तराना में दो दिन उपद्रव के बाद अब स्थिति सामान्य, आज सुबह से खुला बाजार
मध्य प्रदेश में उज्जैन जिले के तराना में दो दिन तक हुए जमकर विवाद के बाद अब स्थिति सामान्य होने लगी है। शनिवार सुबह से यहां वापस बाजार खुल गए। देर रात …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन की तराना तहसील में गुरुवार से शुरू हुआ था विवाद
- शुक्रवार को भी सामने आई थी पथराव और आगजनी की घटनाएं
- देर रात तक एक बार फिर पथराव और आग लगाने की घटना हुई
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन जिले के तराना में दो दिन तक हुए विवाद के बाद अब स्थिति सामान्य होने लगी है। आज सुबह से यहां बाजार वापस खुले। देर रात यहां फिर तनाव की स्थिति बन गई थी, लड़की की एक टाल में कुछ उपद्रवियों ने आग लगा दी थी। इसके साथ ही इलाके में पथराव की घटनाएं भी सामने आई थी। लगातार तनाव को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने उपद्रव फैलाने वाले कुछ आरोपियों को हिरासत में भी लिया है।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
गुरुवार हिंदूवादी संगठन से जुड़े एक युवक का बस को रास्ता देने की बात पर झगड़ा हो गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया, इसमें युवक बुरी तरह से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठन के लोग थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। घटना से आक्रोशित भीड़ ने पांच बसों और दुकानों पर पथराव कर दिया था। स्थिति बिगड़ने से सूचना मिलने के बाद उज्जैन से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया था।
गुरुवार को विवाद के बाद शुक्रवार को एक बार फिर जमकर विवाद हुई। इस दौरान बस में आग लगाने की घटना भी सामने आई और पथराव भी हुआ। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा। देर रात एक बार फिर से पथराव होने लगा। कुछ अराजक तत्वों ने लकड़ी के टाल में आग लगा दी थी।