118 साल में पहली बार नए उज्जैन के फ्रीगंज आ सकते हैं भगवान जगन्नाथ, पुराना रास्ता बदलने पर विचार
Ujjain Jagannath Rath Yatra: उज्जैन में 118 साल पुरानी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के इतिहास में इस बार बदलाव हो सकता है।

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। बीते 118 वर्षों से पुराने शहर की परंपरागत गलियों में निकल रही भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा इस बार इतिहास रच सकती है। खाती समाज पहली बार रथयात्रा का विस्तार नए शहर तक करने पर विचार कर रहा है। योजना के अनुसार रथयात्रा बुधवारिया से प्रारंभ होकर टावर चौक फ्रीगंज पहुंचेगी।
ट्रस्ट पदाधिकारियों की जिला प्रशासन के साथ बैठक में इस मुद्दे पर सहमति बनती है, तो रथयात्रा के इतिहास में नया अध्याय जुड़ सकता है। ट्रस्ट सचिव अधिवक्ता मिश्रीलाल चौधरी ने बताया खाती समाज 118 साल से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकालता आ रहा है। कार्तिक चौक स्थित जगदीश मंदिर से यात्रा शुरू होकर ढाबा रोड के रास्ते पुराने शहर में भ्रमण करती है।
इस बार मार्ग उखड़ा पड़ा है
यात्रा में निकलने वाले बैंड, बाजे, धार्मिक झांकियां, अखाड़े तथा अन्य वाहन गणगौर दरवाजा से रामानुजकोट मार्ग पर खड़े रहते हैं। भगवान का रथ जैसे-जैसे आगे बढ़ता है वाहन कारवां में शामिल होते जाते हैं। इस बार यह संपूर्ण मार्ग उखड़ा पड़ा है।
मार्ग दुरुस्तिकरण के लिए संबंधित विभागों से बात की है, लेकिन जिम्मेदारों ने काम पूरा होने में 20 दिन से अधिक समय लगने की जानकारी दी है। ऐसे में समाजजन पहली बार यात्रा बुधवारिया से फ्रीगंज स्थित टावर चौक तक निकालने पर विचार कर रहे हैं।
इस्कान मंदिर ने भी शुरू की तैयारी
इस्कान मंदिर प्रबंधन द्वारा 16 जुलाई को रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। भगवान का रथ सजधजकर तैयार है। यात्रा के दौरान भावविभोर भक्त रस्सियों के सहारे भगवान का रथ खींचेंगे।