श्रद्धालुओं के साथ ऑनलाइन ठगी करने वाले 55 मोबाइल नंबर व चार फर्जी वेबसाइट को उज्जैन पुलिस ने करवाया बंद
वेबसाइट होटल-धर्मशाला की एडवांस बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी कर रही थीं। …और पढ़ें

HighLights
- 55 मोबाइल और 64 आईएमईआई नंबर ब्लॉक
- फर्जी वेबसाइट से श्रद्धालुओं को ठगा जा रहा था
- ऑनलाइन बुकिंग में विश्वसनीय वेबसाइट ही चुनें
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन जिले में साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए आईटी सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी करने वाले 55 मोबाइल नंबर व चार फर्जी वेबसाइट को बंद करवाया है। आईटी सेल इन नंबरों व वेबसाइट पर लगातार तकनीकी निगरानी कर रही थी। उज्जैन पुलिस की आईटी सेल लगातार आर्थिक साइबर धोखाधड़ी से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया जा रहा है।
जांच के दौरान ऐसे कई मोबाइल नंबरों एवं डिजिटल माध्यमों की पहचान की गई थी। जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्राड, फर्जी लिंक भेजकर धोखाधड़ी एवं होटल बुकिंग के नाम पर आर्थिक ठगी की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 55 मोबाइल नंबर बंद करवाने के साथ ही 64 आईएमईआई नंबर ब्लाक करवाए हैं।
एडवांस बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि कुछ फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से होटल एवं धर्मशाला बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से अग्रिम भुगतान प्राप्त कर आर्थिक धोखाधड़ी की जा रही थी। वेबसाइटों को इस प्रकार तैयार किया गया था कि वह वास्तविक एवं अधिकृत वेबसाइट जैसी प्रतीत होती थी। जिससे श्रद्धालु आसानी से भ्रमित हो जाएं। आईटी सेल शाखा द्वारा चार फर्जी वेबसाइटों को बंद करवाया गया।
साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी होटल, धर्मशाला अथवा अन्य सेवा की ऑनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वेबसाइटों का ही उपयोग करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।