भांजे ने ही मामा को हनी ट्रैप में फंसाया, वीडियो बनाकर मांगे थे 50 लाख रुपये; 10 आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर नरवर निवासी युवक को हनी ट्रैप में फंसाने, उसका अपहरण कर अश्लील वीडियो बनाने और फिरौती वसूलने वाले गिरोह को पकड़ने में नानाखेड़ा पुलिस को सफलता मिली है।
पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपित सहित 10 को गिरफ्तार किया है, जिसमें पीड़ित का भांजा इदरीस भी शामिल है। हालांकि मामले में एक युवती सहित दो आरोपित अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नरवर निवासी हैदर पटेल को इंस्टाग्राम पर परिचित बनी अंजली ठाकुर नामक युवती काम मांगने के बहाने उज्जैन आई थी। 18 जुलाई को हैदर युवती को रेलवे स्टेशन से लेकर नानाखेड़ा क्षेत्र पहुंचा था। इसके बाद पंथपिपलई क्षेत्र में उसकी कार को रोककर कुछ लोगों ने स्वयं को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताते हुए उसे घेर लिया था। आरोपितों ने हैदर के साथ मारपीट की और आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए थे।
बदमाशों ने हैदर के अश्लील वीडियो बनाकर उसके स्वजन पर दबाव बनाया और 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। बाद में 26 लाख रुपये में समझौते की बात हुई, लेकिन परिवार केवल 10 लाख रुपये की व्यवस्था कर सका। यह राशि आरोपितों तक पहुंचने के बाद भी उन्होंने हैदर की कार, सोने की चेन और घड़ी अपने कब्जे में रख ली थी तथा शेष राशि के लिए दबाव बनाते रहे।
पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपितों की तलाश में छापेमारी की गई थी। जांच के बाद 10 आरोपितों लोकेश पुत्र राजेश शर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी मक्सी रोड पंवासा उज्जैन, राजपाल सिंह पुत्र जालम सिंह राठौड़ उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम जहांगीरपुर इंगोरिया, पंकज पुत्र गजानंद बमोरिया उम्र 35 वर्ष निवासी अंतीपुरा उज्जैन, यशवंत पुत्र जगदीश देवड़ा उम्र 23 वर्ष, आर्यन पुत्र मुकेश राठौर उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी तिरुपति धाम उज्जैन, लखन पुत्र नारायण सिंह पंवार उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पिपलिया डाबी उन्हेल, इदरीश पुत्र दिलीप पटेल निवासी ग्राम नरवर, इमरान उर्फ राजा पुत्र खाजू पटेल निवासी बदरखा, जयसिंह पुत्र अजबसिंह चौहान निवासी बदरखा और आयुष पुत्र दिनेश जाटवा निवासी भेरूनाला उज्जैन को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत ऐसे व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की जाती थी जिनके पास हाल ही में धनराशि प्राप्त हुई हो अथवा जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। इनके खिलाफ धारा 353/2026 अंतर्गत धारा 140(3), 308(6), 61(2), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। दीपक राजपूत निवासी पंवासा उज्जैन और अंजली ठाकुर निवासी भोपाल अभी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक को जाल में फंसाया
सहआरोपी भांजे ने इदरीश पटेल ने फरियादी हैदर पटेल की जानकारी उसकी इंस्टाग्राम आईडी एवं आर्थिक स्थिति संबंधी सूचना उपलब्ध कराई। इसके बाद युवती अंजली ठाकुर द्वारा इंस्टाग्राम पर संपर्क स्थापित कर फरियादी को मिलने बुलाया गया। योजनाबद्ध तरीके से उसे हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण किया तथा झूठे प्रकरण में फंसाने एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती की राशि वसूली गई।
पहले भी सक्रिय रहा हो सकता है गिरोह
जांच अधिकारियों को आशंका है कि आरोपितों ने इसी तरह की अन्य वारदातें भी की हो सकती हैं। जिस तरीके से युवक को जाल में फंसाकर अपहरण किया गया और फिर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रकम वसूली गई, उससे पुलिस को एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की संभावना नजर आ रही है। इसी कारण आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।