बाइक भिड़ंत के बाद थाने पर पथराव, 5 पुलिसकर्मी घायल, 20 पर केस दर्ज


नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महिदपुर रोड में शुक्रवार को जमकर बवाल हो गया। ग्राम गोगापुर में दो बाइकों की टक्कर को लेकर कुछ लोगों ने महिदपुर थाने के बाहर पथराव कर दिया। इससे मौके पर मौजूद टीआई, एएसआई, प्रधान आरक्षक व आरक्षक घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए महिदपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां टीआई के सिर व आंख के पास अधिक चोट होने व प्रधान आरक्षक को भी गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित आठ नामजद लोगों सहित 20 लोगों पर दस धाराओं में केस दर्ज किया है।

बाइक टक्कर से शुरू हुआ विवाद

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम गोगापुर में दो बाइकों की टक्कर हो गई थी। एक बाइक पर शिकारीखेड़ा के महिला व पुरुष बैठे हुए थे। दुर्घटना को लेकर दोनों बाइक पर सवार आपस में विवाद कर रहे थे। इस दौरान बंजारा समाज के लोग भी एकत्र हो गए। विवाद की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई थी। इस बीच एक पक्ष के लोग महिदपुर रोड थाने के समीप पोरवाल धर्मशाला के बाहर एकत्र हो गए थे, जहां वे हंगामा कर रहे थे।

पुलिसकर्मियों पर हमला, टीआई की हालत गंभीर

उन्हें समझाइश देने के लिए टीआई रामसिंह भाबोर, एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल व आरक्षक मदन पग्गी सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे थे। उस दौरान बंजारा समाज के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया था। टीआई भाबोर के सिर व आंख के समीप पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई सोनगरा की पीठ व हाथ, प्रधान आरक्षक समरथ को हाथ व आरक्षक मदन को पीठ पर चोट लगी है। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया था। चारों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए महिदपुर अस्पताल ले जाया गया था। यहां टीआई व प्रधान आरक्षक को भर्ती किया गया है।

यह भी पढ़ें- बुरहानपुर में बाबा साहब का बैनर फाड़ने पर बवाल, लोगों ने थाने में किया प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज की FIR

इन आरोपितों पर दर्ज किया केस

पुलिस ने घायल आरक्षक मदन पग्गी की शिकायत पर रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तोफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा सभी निवासी शिकारीखेड़ा के खिलाफ नामजद सहित अन्य महिला, पुरुषों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बलवा करने, पथराव करने के मामले में धारा 132, 121(1), 115(2), 221, 189(1), 189(2), 189(3), 191(1), 191(2), 190 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *