नागपंचमी पर उज्जैन पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु, 48 घंटे तैनात रहेंगे 2 हजार पुलिसकर्मी; 10 ड्रोन से निगरानी
Nagchandreshwar Mandir Ujjain: 17 अगस्त को महाकाल और नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए 48 घंटे 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 10 ड्रोन और 700 सीसीटीवी से…और पढ़ें

HighLights
- स्वास्थ्य विभाग भी 16 अगस्त दोपहर 2 बजे से 18 अगस्त दोपहर 2 बजे तक अलर्ट मोड में रहेगा
- 70 डॉक्टर सहित 200 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगेगी, शहर में 24 स्थानों पर मेडिकल दल रहेंगे
- उज्जैन में रविवार दोपहर 12 बजे से प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। नागपंचमी पर्व पर 17 अगस्त को महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। महाकाल मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
रविवार रात दो बजे से मंगलवार रात दो बजे तक पुलिसकर्मी लगातार 48 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे। भीड़ की निगरानी के लिए 10 ड्रोन कैमरों के साथ 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी।
पुलिस के अनुसार नागपंचमी पर महाकाल मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती रहेगा। इसके लिए अश्वारोही दल, बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वाड भी तैनात रहेगा। करीब 150 महिला पुलिसकर्मी और 150 यातायात पुलिसकर्मी भी लगातार ड्यूटी करेंगे। पूरे सवारी मार्ग पर भी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
70 डॉक्टर सहित 200 स्वास्थ्यकर्मी संभालेंगे मोर्चा
भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी 48 घंटे तक अलर्ट मोड पर रहेगा। 16 अगस्त दोपहर दो बजे से 18 अगस्त दोपहर दो बजे तक 70 डॉक्टर सहित करीब 200 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शहर में 24 स्थानों पर चिकित्सा दल तैनात रहेंगे। इसके अलावा पांच बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा, जहां चौबीस घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यातायात भी होगा डायवर्ट
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ शहर में यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। इसे देखते हुए पुलिस रविवार दोपहर 12 बजे से प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करेगी। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
यह रहेगा पार्किंग प्लान
- बड़नगर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज के नीचे से मुरलीपुरा-भेरूपुरा होते हुए शंकराचार्य चौराहे के पास कार्तिक मेला मैदान में पार्क होंगे।
- नागदा की ओर से आने वाले वाहन साडू माता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी टर्निंग और रातड़िया रोड होते हुए राठौर क्षत्रीय तेली समाज मैदान में पार्क किए जाएंगे।
- आगर से आने वाले वाहन मकोड़िया आम चौराहा, खाकचौक, जाट धर्मशाला और जूना सोमवारिया होते हुए कार्तिक मेला मैदान पहुंचेंगे।
- आगर से आने वाली बसों और बड़े वाहनों को चौपाल सागर, उन्हेल नाका, साडू माता की बावड़ी और कुत्ता बावड़ी होते हुए राठौर क्षत्रीय तेली समाज मैदान में पार्क कराया जाएगा।
- मक्सी, देवास, भोपाल और इंदौर की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए मन्नत गार्डन, वाकणकर ब्रिज पार्किंग, कर्कराज और हरिफाटक ब्रिज के नीचे पार्किंग रहेगी।
- हरिफाटक पार्किंग भरने के बाद वाहनों को इंजीनियरिंग कालेज मैदान में पार्क कराया जाएगा।
दो पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग
इंदौर, देवास और मक्सी रोड से आने वाले दो पहिया वाहनों को हरिफाटक चौराहे से आगे लालपुल टर्निंग के पास कलोता समाज की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं बड़नगर और नागदा की ओर से आने वाले दो पहिया वाहनों के लिए शंकराचार्य चौराहे के पास गुरुद्वारा की भूमि पर पार्किंग रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
हरिफाटक टी से महाकाल घाटी चौराहा और इंटरप्रिटेशन सेंटर की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जंतर-मंतर से जयसिंहपुरा और चारधाम पार्किंग की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
शंकराचार्य चौराहे से नृसिंहघाट और दानीगेट की ओर, भूखीमाता टर्निंग से नृसिंहघाट की ओर तथा दौलतगंज से लोहे के पुल की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा कंठाल चौराहे से छत्री चौक, तेलीवाड़ा से कमरी मार्ग, दानीगेट से गणगौर दरवाजा-हरसिद्धि पाल, केडी गेट से टंकी चौराहा तथा भार्गव तिराहे से कमरी मार्ग की ओर भी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- Third Sawan Somwar 2026: भूलकर भी सांप को न पिलाएं दूध, तीसरे सोमवार नागपंचमी और सावन का महासंयोग