उज्जैन में ₹49 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, CM मोहन यादव ने किया भूमिपूजन, कहा- अब एमपी में खेलेंगी दुनिया की शीर्ष टीमें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, पवेलियन ब …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन में भी होंगे इंटरनेशनल हॉकी मैच
- सीएम ने नानाखेड़ा में रखी आधारशिला
- डामर-मिट्टी के मैदानों से मिलेगी मुक्ति
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्यप्रदेश की धार्मिक-पर्यटन नगरी उज्जैन अब खेलों की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, पवेलियन बनाने को भूमि पूजन कर इसका शंखनाद किया। लगभग 49 करोड़ रुपये से तैयार हो रहे इस मैदान से न केवल मालवा क्षेत्र बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के हॉकी प्रेमियों को नई उम्मीद मिलेगी।
अब उज्जैन में भी अंतरराष्ट्रीय मैच होंगे
भूमिपूजन कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले यहां प्रतियोगताएं होती थीं तो एथेलेटिक्स के खिलाड़ियों को डामर की सड़कों पर दौड़ना पड़ता था। क्षीर सागर स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी मिट्टी पर दौड़ते थे। उस समय बड़ा खिलाड़ी इसलिए नहीं आ पाता था क्यों कि यहां टर्फ नहीं था। खेल विभाग के पास संसाधन नहीं थे। मगर अब स्थिति अलग है। हाकी स्टेडियम उज्जैन के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए भी बड़ी सौगात है। अब हम उज्जैन में भी अंतरराष्ट्रीय मैच करा सकेंगे।
कठिनाइयों के बाद बना स्टेडियम
राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि स्टेडियम बनाने के लिए बहुत सारी चुनौतियों से पार पाना पड़ा। ये 1974 के मास्टर प्लान में था। मगर काम नहीं हुआ। हमने सभी कठिनाइयों को दूर करते हुए इसे बनाया है। स्टेडियम देखकर ऐसा लगता है कि हम विदेश में हैं। अब अंतराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बन रहा है, इसके लिए सभी को बधाई।
24 माह में निर्माण पूरा होगा
स्टेडियम निर्माण के लिए एमपीआरडीसी ने 26.32 करोड़ रुपये में सिविल वर्क का ठेका तय किया है। दो वर्ष में पूरा होने वाली परियोजना में वर्षा ऋतु को भी शामिल किया गया है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में पहले से ही एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड और बहुउद्देशीय खेल सुविधा उपलब्ध हैं। परियोजना में हॉकी पवेलियन, एथलेटिक ट्रैक, चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा और अन्य बुनियादी ढांचा शामिल हैं। भवन में आधुनिक स्ट्रक्चरल ग्लेजिंग और एससीपी क्लैडिंग का उपयोग होगा।