उज्जैन में महामंडलेश्वर पर दुष्कर्म का केस, FIR के बाद आश्रम से लापता… महिला ने लगाए मारपीट और ब्लैकमेलिंग के आरोप
उज्जैन के दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ महाकाल थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेलिंग सहित गंभीर धाराओ…और पढ़ें

HighLights
- दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप
- एफआईआर के बाद आश्रम में नहीं मिले ज्ञानदास
- ज्ञानदास ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ महाकाल थाना पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में प्रकरण दर्ज किया है। शुक्रवार रात महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद से ज्ञानदास आश्रम में नहीं मिले हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस पहुंची आश्रम, शिष्य ने अस्पताल में होने की दी जानकारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जब दादू आश्रम पहुंची तो वहां मौजूद शिष्य ने बताया कि महाराज को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले में उनकी तलाश कर रही है और शिकायत की जांच भी जारी है।
महिला ने लगाए दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेलिंग के आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला ने कुछ दिन पहले डीजीपी, आईजी और एसपी को शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले दत्त अखाड़ा आश्रम में उसकी मुलाकात ज्ञानदास से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फेसबुक के माध्यम से बातचीत होने लगी। महिला का आरोप है कि गुरु पूर्णिमा-2025 पर वह अपने भाई के साथ दादू आश्रम पहुंची थी, जहां ज्ञानदास ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
ज्ञानदास ने आरोपों को बताया निराधार
महामंडलेश्वर ज्ञानदास ने महिला के सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित महिला पिछले एक वर्ष से उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने ब्लैकमेलिंग से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंपने का भी दावा किया है।
पुलिस बोली- जांच जारी है
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है और शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।