उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए हरसिद्धि चौराहे से भी मिलेगी एंट्री, श्रद्धालुओं की राह हुई आसान
उज्जैन के ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में सामान्य दर्शनार्थियों के लिए हरसिद्धि चौराहा से नया एंट्री गेट शुरू हो गया है। …और पढ़ें

HighLights
- अवैध पार्किंग और अतिक्रमण खत्म, पैदल श्रद्धालुओं को मिली राहत
- गर्मी में राहत के इंतजाम कारपेट, शामियाने और शीतल जल
- एक ही जगह पर टिकट-प्रसाद काउंटर और खोया-पाया केंद्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में अब सामान्य दर्शनार्थियों के लिए हरसिद्धि चौराहा से भी सुविधा का नया सफर शुरू हो गया है। मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए यहां नया एंट्री गेट बना दिया है। इस व्यवस्था से मार्ग पर होने वाला अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, वाहनों की आवाजाही तथा भिक्षुकों की समस्या समाप्त हो गई है, अब यह रास्ता पैदल दर्शनार्थियों के लिए अधिक सुरक्षित और सुगम बन गया है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पहले हरसिद्धि चौराहा क्षेत्र में भीड़, वाहन और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दर्शन के लिए महाकाल मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद से यह मार्ग खुला और व्यवस्थित हो गया है। इससे आवागमन में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो रही है। नए मार्ग पर ग्रीष्म ऋतु को देखते श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं।
प्रचंड गर्मी में भक्तों के पांव ना जले इसलिए रेड कारपेट बिछाया गया है। छांव के लिए शामियाने, पीने के लिए शीतल जल, एक ही स्थान पर शीघ्र दर्शन टिकट व लड्डू प्रसाद काउंटर के साथ खोयापाया केंद्र जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
भक्तों का कहना है महाकाल मंदिर अपने धार्मिक व पौराणिक महत्व के कारण तो विश्व प्रसिद्ध है ही, लेकिन अब सुगम दर्शन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जाने वाली उच्चस्तरीय व्यवस्थाओं के कारण चुनिंदा मंदिरों की सुची में शामिल हो गया है।