उज्जैन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राधा-कृष्ण अंकित दुपट्टा नीचे फेंका, वीडियो वायरल होने पर भाजपा ने बताया सनातन का अपमान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा राधा-कृष्ण अंकित वाला दुपट्टा नीचे पैरों की ओर फेंकने का वीडियो वायरल होने पर भाजपा ने इसे सनातन का अपमान ब …और पढ़ें

HighLights
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से मंदसौर जा रहे थे
- उन्हेल में किसान कांग्रेस के सम्मान कार्यक्रम में कुछ देर के लिए रुके
- यहां किसान ने उन्हें राधा-कृष्ण अंकित दुपट्टा भेंट किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा राधा-कृष्ण अंकित वाला दुपट्टा नीचे पैरों की ओर फेंकने का वीडियो बहुप्रसारित होने से भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया। भाजपा ने इसे सनातन का अपमान बताया है। इसके बाद राजनीति गर्मा गई है।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से मंदसौर जा रहे थे। इस बीच उन्हेल में किसान कांग्रेस के सम्मान कार्यक्रम में कुछ देर के लिए रुके। यहां किसान ने उन्हें राधा-कृष्ण अंकित दुपट्टा भेंट किया, जिसे उन्होंने पहले गले में धारण किया। उनके गले में इस तरह का एक और दुपट्टा पहले से था। बाद में जीतू पटवारी ने दोनों दुपट्टा निकालकर नीचे पैरों की ओर फेंक दिया। इसका वीडियो भी बहुप्रसारित हो रहा है।
किसानों के साथ ही सनातन संस्कृति का अपमान
भाजपा ने कहा कि यह किसानों के साथ ही सनातन संस्कृति का अपमान है। इस संबंध में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने इसे सनातन संस्कृति का अपमान बताते हुए कहा कि जीतू पटवारी लगातार अमर्यादित आचरण करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी की थी अनर्गल टिप्पणी
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर अनर्गल टिप्पणी करने के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों के साथ ही सनातनियों की धार्मिक भावनाओं का भी अपमान किया है। जिस श्रद्धा के साथ किसानों ने श्री राधे अंकित वस्त्र उन्हें पहनाया, उसे नीचे फेंकना किसानों के साथ सनातन संस्कृति का भी अपमान है।