उज्जैन में गरोठ हाईवे पर चलती कार में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
उज्जैन में गरोठ हाईवे पर गुरुवार रात बड़ा हादसा टल गया। धतरावदा मोड़ के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। …और पढ़ें

HighLights
- धतरावदा मोड़ पर चलती कार में लगी आग चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान
- इंदौर से लौटते समय हुआ हादसा पूरी कार जलकर हुई खाक फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
- सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई, जलकर खा हो गई कार
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। गरोठ हाईवे पर गुरुवार रात को गंभीर हादसा टल गया। धतरावदा के समीप चलती कार में आग लग गई थी। कार में चालक अकेला ही था। आग लगने के बाद वह सुरक्षित बाहर निकल गया। पुलिस ने बताया कि आसिम पटेल निवासी उज्जैन गुरुवार को कार क्रमांक एमपी 13 एएफ 3290 से इंदौर गया था। जहां से वह देर शाम को वापस लौटा था।
गरोठ हाईवे के समीप बनी तिरूपति कालोनी में वह जा रहा था। इससे पूर्व ही धतरावदा मोड़ पर कार में आग लग गई थी। ड्राइवर आसिम समय रहते कार से बाहर निकल गया था। इसके बाद कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई।
इधर… कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत
इंदाैर रोड पर रामवासा के समीप बाइक सवार वृद्ध व्यक्ति को कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि राधेश्यामपुत्र कनीराम मुंडेल उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम दंगवाड़ा इंगोरिया बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंथपिपलई में रहने वाले रिश्तेदार के यहां बाइक से गया था।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह देर शाम को बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। उसी दौरान इंदौर रोड पर रामवासा के समीप अज्ञात कार चालक ने पीछे से राधेश्याम की मोटर साइकिल को टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। राधेश्याम के पीछे कार से उसका भाई मोरीराम व अन्य स्वजन आ रहे थे। उपचार के लिए वह राधेश्याम को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।