उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक मार्ग चौड़ा करने के लिए खुद मकान तोड़ने लगे लोग
खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए 272 भवनों के बड़े हिस्से तोड़े जाएंगे। चौड़ीकरण की कार्रवाई शनिवार से…और पढ़ें

HighLights
- 9.80 करोड़ रुपये से 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा
- 272 भवनों के बड़े हिस्से टूटेंगे
- सिंहस्थ की तैयारियों के तहत मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए 272 भवनों के बड़े हिस्से तोड़े जाएंगे। चौड़ीकरण की कार्रवाई शनिवार से शुरू हो गई। खास बात यह है कि दो भवन मालिकों ने अपने मकानों के चिह्नित हिस्से खुद हटाने शुरू कर दिए हैं।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत इस मार्ग के चौड़ीकरण और विकास पर 9.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ी होने से पुराने शहर के इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम ने खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा और जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई है। इसके लिए मार्ग की नपती और सड़क सीमा की मार्किंग की जा चुकी है। निगम के अनुसार, चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होंगे। भवन मालिकों को नियमानुसार नोटिस देने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
दो भवन मालिकों ने खुद शुरू की तोड़फोड़
शनिवार को विनोद राठौड़ और रविंद्र कुमार राठौर ने अपने मकानों के चिह्नित हिस्से हटाने की कार्रवाई शुरू की। दोनों ने कहा कि शहर के विकास में सहयोग करना उनकी जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि सड़क चौड़ी होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
सिंहस्थ से पहले यातायात सुधारने की तैयारी
सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पुराने शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों को चौड़ा करने की योजना पर काम किया जा रहा है। 15 मीटर चौड़ी सड़क बनने से वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है। हालांकि, 272 भवनों के चिह्नित हिस्से हटाने और निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूरा करना नगर निगम के सामने चुनौती होगी।
आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शनिवार को प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण कर चौड़ीकरण की कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित भवन मालिकों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग और समन्वय से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, सहायक यंत्री डीएस परिहार, उपयंत्री शिवम गुप्ता और राजेंद्र रावत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को मिली रफ्तार, 272 भवनों की मार्किंग शुरू, 136 मकान जल्द तोड़े जाएंगे