उज्जैन में कालसर्प दोष की पूजा करवा रहे 25 हजार के इनामी तस्कर को टास्क फोर्स ने पकड़ा, तीन साल से था फरार
नीमच निवासी राकेश जाट तीन साल से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एमपी व राजस्थान में कई केस दर्ज हैं। …और पढ़ें

HighLights
- राजस्थान एएनटीएफ ने मंगलनाथ मंदिर में पूजा के दौरान घेरकर राकेश जाट को गिरफ्तार किया
- कुंडली दिखाने पर पंडित ने कालसर्प पूजा बताई, 2010 आईटीआई बाद खेती से तस्करी में उतरा
- राकेश का संबंध मारवाड़ के तस्करों से हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। तस्कर मंगलनाथ मंदिर क्षेत्र में कालसर्प दोष की पूजा करवाने के लिए आया था। पुलिस को सूचना मिलने पर दबिश देकर उसे जयपुर ले जाया गया है। आरोपित नीमच का रहने वाला है। उसके खिलाफ मप्र व राजस्थान में कई केस दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार राकेश जाट निवासी ग्राम आसपुरा नीमच मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में तीन साल से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। राकेश ने वर्ष 2010 में आईटीआई से डिप्लोमा किया था। इसके बाद वह खेती के काम से जुड गया था, लेकिन डोडा पोस्त के कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क में आने के बाद वह तस्करी करने लगा गया था।
कुंडली दिखाई तो कालसर्प दोष की पूजा करने को कहा था
उसका संबंध मारवाड़ के तस्करों से हो गया था। जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। जाट के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बीते दिनों वह परेशान रहने लगा था, जिसके बाद उसने एक पंडित को अपनी कुंडली दिखाई थी।
पंडित ने उसे कालसर्प दोष की पूजा करवाने को कहा था। पूजा के लिए वह उज्जैन आया था। यहां मंगलनाथ मंदिर क्षेत्र में पूजा के दौरान उसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और जयपुर ले जाया गया।