उज्जैन में उपद्रव भड़काने वाले 100 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट किए ब्लॉक
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान हुए उपद्रव की जांच अब इंटरनेट मीडिया और मोबाइल नेटवर्क तक पहुंच गई है। पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट, वीडियो और उपद्रव से जुड़े वायरल कंटेंट प्रसारित करने वाले 100 से अधिक इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट व पेज ब्लॉक करवाए हैं।
इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। पुलिस सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिये यह पता लगा रही है कि 28 सितंबर के उपद्रव से पहले और बाद में आरोपित किन लोगों के संपर्क में थे।
पुलिस इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और पोस्ट की भी पड़ताल कर रही है। इनसे उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ यह पता लगाया जा रहा है कि भड़काऊ सामग्री किसने तैयार की और किस-किस अकाउंट से उसे आगे प्रसारित किया गया।
आठ एफआईआर, 34 आरोपित ; 24 गिरफ्त में
28 सितंबर को हुए उपद्रव को लेकर पुलिस ने अब तक आठ एफआइआर दर्ज की हैं। इनमें 34 लोगों को आरोपित बनाया गया है, जबकि 24 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, इंटरनेट मीडिया और तकनीकी जांच के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
जांच आगे बढ़ने के साथ आरोपितों की संख्या बढ़ सकती है। एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार पथराव, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने और उपद्रव में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। दूसरे जिलों से भी आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया गया है। यदि किसी आरोपित की अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित मामलों में उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
मोबाइल खोलेंगे उपद्रव से पहले की कड़ियां
गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बने हैं। सीडीआर के साथ मोबाइल में उपलब्ध इंटरनेट मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उपद्रव से पहले किसने किससे संपर्क किया, घटना के दौरान कौन-कौन संपर्क में था और घटना के बाद किन लोगों के बीच बातचीत हुई।इसके अलावा आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनके विभिन्न संगठनों से जुड़े होने की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
500 मीटर दायरे में ड्रोन और कैमरों का पहरा
शाही मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के क्षेत्र में आठ ड्रोन और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस लगातार पुराने और नए फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में चिह्नित लोगों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि उपद्रव में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
सुरक्षा के लिए 2500 जवानों का घेरा
सुरक्षा व्यवस्था के लिए उज्जैन में करीब 2500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। छत्री चौक, लखेरवाड़ी, सराफा, कालिदास स्कूल, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, खड़े हनुमान, सत्ती गेट से कंठाल तक बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में उज्जैन के अलावा रतलाम, नीमच, इंदौर, देवास और शाजापुर सहित अन्य जिलों से आए 5 एएसपी, 21 डीएसपी और 32 टीआई तैनात हैं। आरएएफ और एसटीएफ की तीन कंपनियां भी मोर्चा संभाल रही हैं। करीब 850 महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।