MP के पुलिस परिवारों के लिए ‘स्मार्ट आवास’ का सपना होगा साकार, सरकार बना रही भव्य बेडरूम, हॉल, किचन वाले फ्लैट्स


नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। पुलिस परिवारों के लिए ‘स्मार्ट आवास’ का सपना पूरा होने जा रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 289 करोड़ रुपये से पुलिस आवास, मेस, बैरक और प्रशासनिक संकुल भवन का निर्माण शुरू कराने को भूमि पूजन कर दिया।

मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम द्वारा संचालित इन परियोजनाओं के माध्यम से पुलिस विभाग के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह से बदलने की तैयारी है। इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता आधुनिक आवासीय परिसर हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के जीवन स्तर को सुधारना सरकार की प्राथमिकता है। बताया कि राजपत्रित अधिकारियों के लिए 1412 वर्गफीट के भव्य 3 बेडरूम, हॉल, किचन वाले फ्लैट्स बनाए जाएंगे।

अराजपत्रित अधिकारियों एवं आरक्षकों के लिए 985 वर्गफीट और आरक्षकों के लिए 845 वर्गफीट के 2 बेडरूम, हॉल, किचन के फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा।

350 बेड के बैरक का निर्माण

तीन मंजिला 350 बेड के बैरक का निर्माण पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में किया जाएगा। लगभग 46483 वर्गफीट में फैले इस बैरक में 28 बड़े कमरों के साथ-साथ डाइनिंग, स्टोर रूम और ऑफिसर रूम की सुविधा होगी। वहीं, पांच मंजिला पुलिस आवास मेस परिसर आकर्षण का केंद्र होगा।

इसमें ग्राउंड फ्लोर पर वेटिंग लाउंज और गनमैन बैरक होंगे, जबकि ऊपरी मंजिलों पर 54 शानदार कमरे (अटैच टॉयलेट के साथ) बनाए जाएंगे।

परियोजनाओं का वित्तीय विवरण

  • होमगार्ड व एसडीईआरएफ परिसर प्रशासनिक संकुल 27.95 करोड़
  • भैरवगढ़ थाना परिसर 320 पुलिस आवास 92.70 करोड़
  • चिमनगंज थाना परिसर 128 पुलिस आवास 36.98 करोड़
  • 32वीं वाहिनी परिसर 160 पुलिस आवास 34.79 करोड़
  • 32वीं वाहिनी 96 पुलिस आवास 27.60 करोड़
  • 32वीं वाहिनी परिसर पुलिस मेस 15.12 करोड़
  • पुलिस प्रशिक्षण केंद्र 350 बेडेड बैरक 13.33 करोड़
  • उन्हेल थाना परिसर 64 पुलिस आवास 14.94 करोड़
  • पीटीएस परिसर 16 अधिकारी आवास 6 करोड़
  • पुलिस लाइन 20 अधिकारी आवास 7.64 करोड़

केवल घर नहीं, पूरा परिसर बदलेगा

योजना के तहत केवल आवास ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक भवन, एनजीओ ट्रेनिंग हॉस्टल, सैनिक ट्रेनिंग हॉस्टल और ओल्ड ब्लॉक के रिनोवेशन पर भी रुपये 27.95 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।

इसमें होमगार्ड और एस.डी.आर.एफ परिसर उज्जैन का विकास कार्य भी शामिल है। भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जब हमारे पुलिस भाई-बहन निश्चिंत होकर एक अच्छे घर में रहेंगे, तभी वे पूरी ऊर्जा के साथ समाज की सुरक्षा कर पाएंगे। ’

सिंहस्थ से पहले सरकारी आवासों का बड़ा विस्तार

सिंहस्थ-2028 से पहले शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवारों के लिए सरकारी आवासों का बड़ा विस्तार हो रहा है। आगर रोड स्थित शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद चिकित्सालय परिसर के पास 1.76 हेक्टेयर भूमि पर 35 करोड़ रुपये से चार मल्टीस्टोरी आवासीय इकाइयां बन रही हैं।

कुल 160 आवास तैयार किए जा रहे हैं। 128 क्वार्टर आरक्षकों और 32 एनजीओ के लिए। प्रत्येक मल्टी में 32 फ्लैट होंगे। एनजीओ के लिए लगभग 900 वर्गफीट और आरक्षकों के लिए 780 वर्गफीट क्षेत्रफल में दो बेडरूम, हॉल और किचन सहित सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध होंगे।

यह भी पढ़ें- MP में अवैध कॉलोनी बनाने वालों की अब खैर नहीं, ₹1 करोड़ जुर्माना और 10 साल की होगी जेल, पूरे प्रदेश के लिए एक ही लाइसेंस

राजस्व कॉलोनी में अधिकारियों के लिए 78 करोड़ रुपये से 10 मल्टियां 196 आवास की बन रही है। फ्रीगंज में दो लाख वर्ग फीट क्षेत्र में संसद भवन की तर्ज पर नया संयुक्त प्रशासनिक भवन 200 करोड़ रुपये से बनाया जा रहा है जिसमें कलेक्टर, एसपी, एसडीएम, तहसीलदार और डीएसपी/एएसपी के कार्यालय एक ही स्थान पर होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *