श्रावण के एक सप्ताह में 29 लाख से अधिक भक्तों ने किए भगवान महाकाल के दर्शन, 3 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की आय हुई
विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में श्रावण मास का उल्लास छाया है। श्रावण के प्रथम सप्ताह में अब तक 29 लाख 28 हजार 349 भक्तों ने दर्शन किए। इस…और पढ़ें

HighLights
- आस्था का सावन: 2 करोड़ 35 लाख रुपये का लड्डू प्रसाद बिका, अब नागपंचमी की तैयारी
- विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में श्रावण मास का उल्लास छाया है
- आने वाले दिनों में 15 अगस्त, नागपंचमी तथा रक्षाबंधन महापर्व आने वाले हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में श्रावण मास का उल्लास छाया है। श्रावण के प्रथम सप्ताह में अब तक 29 लाख 28 हजार 349 भक्तों ने दर्शन किए। इस दौरान करीब 2 करोड़ 35 लाख रुपये का लड्डू प्रसाद बिका है।
मंदिर समिति अब 17 अगस्त को श्रावण के तीसरे सोमवार के संयोग में आने वाले नागपंचमी महापर्व की तैयारी कर रही है। इस दिन एक साथ बाद मंदिर के शीर्ष पर स्थित भगवान नागचंद्रेश मंदिर के पट खुलेंगे।
मंदिर समिति के अनुसार इस बार 30 जुलाई को श्रावण मास की शुरुआत हुई थी। 6 अगस्त तक सात दिन में 29 लाख 28 हजार 349 भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए हैं। बताया जाता है आने वाले दिनों में 15 अगस्त, नागपंचमी तथा रक्षाबंधन महापर्व आने वाले हैं। मंदिर समिति द्वारा आगामी महापर्वों को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बताया जाता है इन विशेष दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या नया रिकार्ड बनाएगी।
किस दिन कितने भक्तों ने किए दर्शन
- 30 जुलाई : 2,23,542
- 31 जुलाई : 2,79,841
- 01 अगस्त : 4,19,732
- 02 अगस्त : 4,76,109
- 03 अगस्त : 6,13,849
- 04 अगस्त : 3,17,331
- 05 अगस्त : 2,97,649
- 06 अगस्त : 3,00,296
शीघ्र दर्शन टिकट से साढ़े तीन करोड़ की आय
श्रावण मास के प्रथम सप्ताह में मंदिर समिति को शीघ्र दर्शन टिकट से 3 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की आय हुई है। मंदिर समिति के अनुसार 30 जुलाई से 6 अगस्त तक 3 करोड़ 50 लख 57 हजार रुपये की आय हुई है। मंदिर समिति के अनुसार सात दिन में 32 हजार 490 टिकट आनलाइन, 1 लाख 7 हजार 738 टिकट काउंटर से बिके हैं।
सांसद-अभिनेता मनोज तिवारी ने किए महाकाल दर्शन

महाकाल मंदिर में परिवार के साथ अभिनेता मनोज तिवारी, साथ हैं सांसद अनिल फिरोजिया। (मंदिर समिति)
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता व लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सांसद अनिल फिरोजिया ने उनका सम्मान किया। मीडिया से चर्चा में सांसद तिवारी ने कहा कि मैं सपरिवार भगवान महाकाल के दर्शन करने आया हूं। आज बहुत अच्छे से भगवान महाकाल के दर्शन हुए, जल भी चढ़ा और मस्तक पर भस्म लगाने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। भगवान महाकाल सभी का कल्याण करें यही प्रार्थना है।
महाकाल मंदिर में शिशु आहार केंद्र स्थापित

महाकाल मंदिर में स्थापित शिशु आहार केंद्र। (नईदुनिया प्रतिनिधि)
महाकाल मंदिर में शिशु आहार केंद्र की स्थापना की गई है। मंदिर में काफी समय से शिशु आहार केंद्रों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कुछ समय पहले मंदिर परिसर में शिशु आहार केंद्र की स्थापना की गई थी, लेकिन परिसर में निर्माण कार्य के चलते इसे हटा दिया गया था। अब एक दानदाता के माध्यम से फिर से इनकी स्थापना की गई है। आहार केंद्रों की स्थापना से छोटे बच्चों की माताओं को काफी सुविधा मिलेगी।