बंदूक की नोंक पर बेटे के सामने मां से किया था सामूहिक दुष्कर्म, मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली, तीनों आरोपियों की तलाश जारी
उज्जैन में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। …और पढ़ें

HighLights
- बदमाशों ने पति को बंधक बनाकर दूर ले गए
- पवन चक्की बिजली तार चोरी करने आए थे
- पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन: उज्जैन जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपितों की तलाश कर रही है। आरोप है कि पवन चक्की का बिजली तार चोरी करने आए बदमाशों ने पहले महिला के पति को बंधक बनाया और फिर महिला के साथ ज्यादती की।
खेत की रखवाली के लिए रखा था दंपती को
बड़नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब पांच दिन पहले खेत मालिक ने अपने खेत और कुएं की सुरक्षा के लिए एक दंपती को चौकीदारी के लिए रखा था। गुरुवार रात महिला अपने पति के साथ खेत पर बने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान एक बदमाश वहां पहुंचा और पानी मांगा। पानी पीने के कुछ समय बाद उसके साथ दो अन्य बदमाश भी वहां आ गए।
पति को बनाया बंधक, महिला को धमकाया
आरोप है कि बदमाश महिला के पति को अपने साथ ले गए और खेत से काफी दूर ले जाकर धमकाते हुए बैठा दिया। इसके बाद एक आरोपित ने बंदूक दिखाकर महिला को डराया और उसके 12 वर्षीय पुत्र व पति को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित तीनों आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पवन चक्की के बिजली तार भी चोरी किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।