उज्जैन में बेकरी में घुसे चोर, आराम से बैठकर केक खाया फिर कैश और चॉकलेट चुरा ले गए
उज्जैन की संतराम सिंधी कॉलोनी में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया, गल्ले में रखा कैश और ड्रायफ्रूट-चॉकलेट भी चुरा ले गए। …और पढ़ें

HighLights
- किराना दुकान से नकदी केसर और ड्राई फ्रूट्स चुराकर नमक की बोरी से छत पर पहुंचे चोर
- झूलेलाल बेकरी में घुसकर पहले खाया केक पिया पानी फिर उड़ाए हजारों रुपये और चॉकलेट
- सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात नीलगंगा पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। संतराम सिंधी कालोनी में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया है। चोरों ने एक बेकरी की दुकान में घुसकर वहां रखा केक खाया और आराम से बैठकर पानी पीया, इसके बाद किराना दुकान से केसर व नकदी चोरी कर ली। नीलगंगा पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने बताया कि चोरों ने बुधवार रात को संतराम सिंधी कॉलोनी स्थित नारायणदास मोटूमल किराना एंड जनरल स्टोर पर धावा बोला था। चोर पीछे के रास्ते से अंदर घुसे थे। जहां से गल्ले में रखे करीब 10 से 11 हजार रुपये, 25 ग्राम केसर, ड्राई फ्रूट्स और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। इसके बाद बदमाशों ने किराना दुकान में रखी नमक की बोरी को उठाकर दुकान की छत पर ले गए थे।
जिसके सहारे से वह समीप स्थित झूलेलाल बेकरी दुकान में चले गए थे। जहां पर बदमाशों ने दुकान के काउंटर से केक निकाला और आराम से बैठकर खाया और बेकरी के गल्ले से हजारों रुपये, चाकलेट व अन्य सामान चुरा ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दर्ज हो गई। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
इधर, महिला के गले से सोने की चेन चोरी
सांदीपनी आश्रम स्थित चौरासी महादेव मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन महिलाएं नजर आ रही है। फुटेज में फरियादिया के गले पर एक महिला ने दुपट्टा डालते व चेन चुराते हुए नजर आ रही है। जीवाजीगंज पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि शामली पत्नी जितेंद्र अग्रवाल निवासी नागेश्वरधाम कानीपुरा रोड बुधवार को सांदीपनी आश्रम परिसर में स्थित चौरासी महादेव के मंदिर में दर्शन करने के लिए गई थी। मंदिर से बाहर निकली तो उसके गले में पहनी सोने की चेन नदारद थी। महिला की शिकायत पर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई थी। जिसमें तीन संदिग्ध महिलाएं नजर आ रही है।
फुटेज में एक महिला ने शामिल के गले पर दुपट्टा डाल दिया और गले से सोने की चेन चोरी कर ली। इसके बाद तीनों महिलाएं मंदिर से निकलकर वहां से रफूचक्कर हो गई। पुलिस ने केस दर्ज किया है। फुटेज के आधार पर आरोपिताओं की तलाश शुरू कर दी है। जल्द आरोपित गिरफ्तार हो जाएंगे।