उज्जैन में शादी समारोह बना अखाड़ा, फोटोग्राफर ने महिला को हटने को कहा तो भिड़ गए बराती-घराती; जमकर चलीं कुर्सियां और फेंके गए बर्तन


नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। एक विवाह समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वर-वधू पक्ष के लोगों में जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे पर कुर्सियां और बर्तन फेंके गए। दरअसल शादी के फोटो करने आए एक फोटोग्राफर द्वारा एक महिला को हटने के लिए कहने पर विवाद शुरू हुआ था। हालांकि थाने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

वीडियो वायरल

पुलिस ने बताया कि राजीव नगर क्षेत्र में मंगलवार को एक लड़की का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। बरात बाहर से आई हुई थी। रात करीब एक बजे वर-वधू पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए थे।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसा दिए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों के हाथ में जो भी सामान आया, वह फेंक दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें लोग कुर्सियां, बर्तन व अन्य सामान फेंकते हुए नजर आ रहे हैं।

इस बात पर विवाद

शादी में शामिल कुछ लोगों ने बताया कि रात को फोटो शूट के दौरान फोटोग्राफर ने एक महिला को पीछे हटने के लिए कहा था। इस पर विवाद शुरू हुआ और बढ़ता गया। कुछ देर बाद वर-वधू पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत की गई थी। हालांकि बाद में समझौता होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *