शिवनवरात्र के पांचवें दिन बाबा महाकाल ने छबीना रूप में दिए दर्शन


नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शिवनवरात्र उत्सव के पांचवें दिन भगवान महाकाल का छबीना रूप में विशेष शृंगार किया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन को भक्त उमड़े। इससे पूर्व सुबह 8 बजे भगवान कोटेश्वर महादेव तथा उसके बाद गर्भगृह में भगवान महाकाल की विशेष पूजा हुई।

शाम को संध्या आरती में भगवान को नए वस्त्र तथा आभूषण धारण कराकर दूल्हा रूप में शृंगारित किया गया। पं.महेश पुजारी ने बताया छबीना का अर्थ सुंदर दिखाई देने वाला दूल्हा है।

अभिराम दास त्यागीजी महाराज ने किए दर्शन

ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शिवनवरात्र के पांचवें दिन मंगलवार को हिमालयवासी अभिराम दास त्यागीजी महाराज ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की तथा हिमालय से लाया गया गंगाजल अर्पित किया।

naidunia_image

इसके बाद नंदी मंडपम में बैठकर शिवार्चन किया। महाकाल मंदिर में दर्शन पूजन के बाद महाराजश्री मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम पहुंचे तथा अनुयायियों से भेंट की। मनीष शर्मा ने बताया अभिराम दास त्यागी महाराज हिमालय पर्वत पर निवास करते हैं तथा हमेशा साधना में लीन रहते हैं। देशभर में उनके 30 से ज्यादा आश्रम हैं। उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के सामने भी उनका आश्रम है।

यहां रामानंदीय साधु संत निवास करते हैं। मंगलवार को महाकाल दर्शन के बाद महाराजश्री का यहां आगमन हुआ। दिनभर शिष्य व श्रद्धालुओं ने आश्रम पहुंचकर महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। बुधवार सुबह महाराजश्री पुन: मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे।

भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे अभिनेता सुनील शेट्टी

महाकाल मंदिर में इन दिनों फिल्म जगत की हस्तियों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार को प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। 20 दिन में दूसरा मौका था जब सुनील शेट्टी भगवान महाकाल के दर्शन करने मंदिर पहुंचे थे। शिवनवरात्र में देशभर से फिल्म और टीवी जगत के कलाकार भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंच रहे हैं।

naidunia_image

मंगलवार को फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने नंदी मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन व पूजा अर्चना की। इसके बाद भगवान नंदीजी के कानों में मनोकामना मांगी। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिनेता का स्वागत सम्मान किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *