आज से दिन बड़े, रातें होने लगेंगी छोटी, उत्तरायण की शुरुआत से उज्जैन में बदला खगोलीय-मौसम का मिजाज


उज्जैन में खगोलीय घटनाओं का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। वर्ष की सबसे लंबी रात और सबसे छोटे दिन के बाद सूर्य की दिशा में परिवर्तन दर्ज किया …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 22 Dec 2025 09:28:00 PM (IST)Updated Date: Mon, 22 Dec 2025 09:28:00 PM (IST)

आज से दिन बड़े, रातें होने लगेंगी छोटी, उत्तरायण की शुरुआत से उज्जैन में बदला खगोलीय-मौसम का मिजाज
सोमवार की शाम आकाश में छाई लालिमा।

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन: मंगलवार से दिन की अवधि में धीरे-धीरे वृद्धि और रातों की लंबाई में कमी शुरू हो जाएगी। खगोलीय गणनाओं के अनुसार रविवार को वर्ष का सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात दर्ज की गई। इस दिन सूर्य मकर रेखा पर लंबवत् स्थिति में रहा, जिसका प्रभाव पूरे उत्तरी गोलार्द्ध में स्पष्ट रूप से देखा गया।

जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि 22 दिसंबर को सूर्य की दक्षिण दिशा में क्रांति अधिकतम स्तर पर रही। उज्जैन में इस दिन सूर्योदय सुबह 7.05 बजे और सूर्यास्त शाम 5.46 बजे हुआ। इस प्रकार दिन की कुल अवधि 10 घंटे 41 मिनट और रात की अवधि 13 घंटे 19 मिनट रही।

इसी दिन सूर्य सायन मकर राशि में प्रवेश करता है। इसके बाद सूर्य की गति उत्तर दिशा की ओर प्रतीत होने लगती है, जिसे सायन उत्तरायण कहा जाता है। उत्तरायण की शुरुआत के साथ ही दिन बड़े और रातें छोटी होने लगती हैं। यह खगोलीय बदलाव पृथ्वी की गोलाई और उसके अक्षीय झुकाव का प्रत्यक्ष प्रमाण माना जाता है।

खगोलीय परिवर्तन का असर तापमान पर भी देखा जा रहा है। रात के न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान क्रमशः 10.5 डिग्री, 8.5 डिग्री और 7.2 डिग्री रहा। वहीं अधिकतम तापमान फिलहाल 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हवा की गति लगभग 4 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *