मुख्यमंत्री मोहन यादव आज अपने बेटे की शादी के साथ 21 कन्याओं का करेंगे सामूहिक विवाह


सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मुख्यमंत्री परिवार ने अपनी विवाह पत्रिका में एक विनम्र और स्पष्ट आग्रह मुद्रित कराया है कि ‘उपहार के लिए क्षमा। आपका आशीर्वाद ही नवयुगल के लिए अमूल्य उपहार है।’ समारोह के लिए आठ राज्यों के राज्यपाल और 11 मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है, जिनकी आशीर्वाद समारोह में शामिल होने की पूरी उम्मीद है।

Publish Date: Sun, 30 Nov 2025 03:11:40 AM (IST)

Updated Date: Sun, 30 Nov 2025 03:21:53 AM (IST)

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज अपने बेटे की शादी के साथ 21 कन्याओं का करेंगे सामूहिक विवाह
मोहन यादव के बेटे की सगाई का फाइल फोटो।

HighLights

  1. 8 राज्यों के राज्यपाल और 11 मुख्यमंत्रियों सहित आ सकते हैं कई वीवीआईपी
  2. विवाह रस्म अंतर्गत पत्नी सीमा संग हवन-पूजन करते रहे मुख्यमंत्री मोहन यादव।
  3. शादी से पहले मेहंदी लगवा रहे थे दूल्हा बने अभिमन्यु यादव और दुल्हन इशिता।

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को अपने पुत्र अभिमन्यु संग इशिता के विवाह को सामाजिक उत्सव का रूप देते हुए 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराएंगे। विवाह पूर्व शनिवार को परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रस्में उत्साह के साथ निभाईं, जिनमें माता पूजन, मंडप, लग्न और ममेरा की रस्में शामिल रहीं। देर शाम, होटल अथर्व में आयोजित महिला संगीत में मुख्यमंत्री सहित उनके भाई नंदलाल यादव, नारायण यादव, बहन कलावती यादव ने परिवार के सदस्यों के साथ जमकर नृत्य किया।

ज्ञात रहे कि सामूहिक विवाह में शामिल 21 कन्याओं की संपूर्ण जिम्मेदारी यादव परिवार स्वयं वहन करेगा, जिसमें कन्यादान सामग्री, गृहस्थी उपहार और विवाह का पूरा खर्च शामिल है। सामाजिक समावेशिता इसका प्रमुख आधार है। वधुओं में 14 ओबीसी, 4 सामान्य, 5 एससी और 1 एसटी समुदाय की हैं, जबकि वरों में 12 ओबीसी, 6 सामान्य और 6 एससी वर्ग के युवक शामिल हैं। सभी परिवार अपने घरों में परंपरागत रस्में निभाकर समारोह स्थल पर पहुंचे।

naidunia_image

आज बारात सुबह 8 बजे

रविवार सुबह 8 बजे इम्पीरियल चौराहा से सामूहिक बारात प्रस्थान करेगी, जो शिप्रा तट पर डॉ. वाकणकर ब्रिज के समीप बने विशाल विवाह परिसर तक पहुंचेगी। सुबह 11 बजे से 3 बजे के मध्य सभी 21 विशेष रूप से निर्मित मंडपों में वैदिक रीति-रिवाजों से पाणिग्रहण, सप्तपदी और अन्य रस्में एक साथ की जाएंगीं।

नवदंपतियों को मोटर साइकिल सहित गृहस्थी का समस्त सामान यादव परिवार देगा

यादव परिवार प्रत्येक नवविवाहित दंपति को स्वर्ण मंगलसूत्र, रजत पायजेब-बिछिया, पलंग, सोफा, गद्दे, अलमारी, बर्तन सेट, डिनर सेट, वस्त्र और मोटरसाइकिल सहित संपूर्ण गृहस्थी सामग्री भेंट करेगा।

सुरक्षा प्रोटोकाल और ट्रैफिक प्लान

  • समारोह में आठ राज्यपालों और ग्यारह मुख्यमंत्रियों सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और अति विशिष्ट मेहमानों का आगमन संभावित है।
  • इसे देखते हुए, उज्जैन पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए हैं।
  • यातायात प्लान में बड़ा संशोधन किया है। बताया कि इम्पीरियल चौराहा और वाकणकर ब्रिज की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक सामान्य यातायात के लिए अस्थायी रूप से डायवर्जन लागू रहेगा।
  • विवाह स्थल के 500 मीटर के दायरे में किसी भी अनाधिकृत वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आम जनता के लिए दूरस्थ पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
  • कार्यक्रम स्थल को उच्च-सुरक्षा ‘रेड-ज़ोन’ में परिवर्तित कर दिया गया है। ड्रोन का उपयोग प्रतिबंधित रखा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *