श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली महाकाल सवारी से पहले उज्जैन में बदल जाएगी मार्ग की सूरत


उज्जैन में हरसिद्धि पाल से रामघाट तक मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर लगभग 4 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च होंगे। …और पढ़ें

Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 01:33:34 PM (IST)Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 01:40:24 PM (IST)

श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली महाकाल सवारी से पहले उज्जैन में बदल जाएगी मार्ग की सूरत
सांदीपनि चौराहा से उदयन मार्ग चौड़ीकरण कार्य की ड्राइंग-डिजाइन देखते नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा।

HighLights

  1. गाय बछड़ा चौराहा से उदयन मार्ग तक का 500 मीटर लंबा मार्ग 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा
  2. रामानुज कोट से गणगौर दरवाजा होते हुए दानीगेट चौराहे तक के मार्ग को भी चौड़ा किया जाएगा
  3. आयुक्त ने सुनहरी घाट पर पाइप लाइन शिफ्टिंग के कार्य में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। राजाधिराज महाकाल की श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारी से पहले मार्ग की सूरत बदल जाएगी। हरसिद्धि पाल से दानीगेट तक की सड़क का 18 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण होगा। कार्य स्थल का निरीक्षण बुधवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने किया। उन्होंने अफसरों से कहा कि विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर की सवारी के पूर्व इन मार्गों का कायाकल्प निर्धारित मापदंडों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया जाए।

बताया कि विकास कार्य दो चरणों में किया जाएगा। हरसिद्धि पाल से रामघाट तक मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर लगभग 4 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च होंगे। यह मार्ग श्रद्धालुओं के लिए सीधे शिप्रा तट तक पहुंचने का मुख्य जरिया है। रामानुज कोट से गणगौर दरवाजा होते हुए दानीगेट चौराहे तक के मार्ग को 13 करोड़ 52 लाख रुपये से चौड़ा किया जाएगा।

सुनहरी घाट की सफाई करने के निर्देश

अधिकारियों से कहा कि सड़क चौड़ीकरण केवल डामरीकरण तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें निम्नलिखित बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जाएं। निर्माण के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों को असुविधा न हो, इसके लिए डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों का स्पष्ट प्लान तैयार हों। मार्ग में आने वाली सीवर लाइन, पीएचई की पेयजल लाइन और विद्युत खंभों (प्रकाश व्यवस्था) को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया जाएं। पीएचई के रुद्रसागर संप और सुनहरी घाट की सफाई करने के निर्देश भी दिए।

टाटा कंपनी को नोटिस

निरीक्षण के दौरान आयुक्त मिश्रा ने सुनहरी घाट पर टाटा कंपनी द्वारा पाइप लाइन शिफ्टिंग के कार्य में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। यह बात सामने आई कि कंपनी द्वारा विगत दो दिनों से कार्य बंद रखा गया था। इस पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने तत्काल टाटा कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और काम में तेजी लाने की चेतावनी दी।

सांदीपनि चौराहा से उदयन मार्ग चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता परखी

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सांदीपनि चौराहे से उदयन मार्ग तक किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता बुधवार को कार्य स्थल पर जाकर परखी। बताया कि दो किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग का कायाकल्प लगभग 25 करोड़ रुपये से किया जा रहा है। योजना अनुसार सांदीपनि चौराहा से गाय-बछड़ा चौराहा तक का डेढ़ किलोमीटर लंबा मार्ग 30 मीटर चौड़ा किया जाएगा।

गाय बछड़ा चौराहा से उदयन मार्ग तक का 500 मीटर लंबा मार्ग 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में नाला निर्माण एवं पोल शिफ्टिंग का काम प्रचलित है। आयुक्त ने कार्यपालन यंत्री को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री की नियमित जांच की जाएं। कार्य की गति बढ़ाई जाएं ताकि निर्धारित समय सीमा में प्रोजेक्ट पूर्ण हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *