मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव का अलग अंदाज, लाठियां घुमाकर दिखाई कलाबाजी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन में आयोजित राहगीरी आनंदोत्सव में लाठियां घुमाकर कलाबाजी दिखाई। उनकी इस कला को देख वहां मौजूद सभी लोग तालियां बज …और पढ़ें

HighLights
- उज्जैन में कोठी रोड पर आयोजित किया गया राहगीरी आनंदोत्सव
- सीएम डॉ. मोहन यादव आज शहर में कई कार्यक्रमों में हो रहे शामिल
- सीएम द्वारा की गई कलाबाजी को देख सभी तालियां बजाने लगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन में आयोजित राहगीरी आनंदोत्सव में लाठियां घुमाकर कलाबाजी दिखाई। उनकी इस कला को देख वहां मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। रविवार सुबह कोठी रोड पर आयोजित उत्सव में सीएम सहित बड़ी संख्या में शहर के लोग शामिल हुए।
इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव फाजलपुरा स्थित अटल परिसर में उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनाए क्लब हाउस (स्पोर्ट्स-कम-वेलनेस हब) का लोकार्पण करेंगे। 28.31 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह बहु-सुविधायुक्त केंद्र युवाओं को प्रोफेशनल खेल प्रशिक्षण, फिटनेस और वेलनेस का स्थायी प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा।
क्लब हाउस में डाइविंग और लीजर पूल, जिम, बैडमिंटन और लॉन टेनिस कोर्ट, स्केटिंग रिंग, टेबल टेनिस हॉल और 5 लग्जरी गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इस अवसर पर वे फाजलपुरा स्थित निगम द्वारा निर्मित जी प्लस टू शापिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी करेंगे। पांच करोड़ रुपये से निर्मित इस काम्प्लेक्स में बेसमेंट पार्किंग, ग्राउंड और प्रथम तल पर 27-27 दुकानें तथा द्वितीय तल पर 27 आफिस चेंबर बनाए गए हैं।
लोकार्पण के बाद दुकानदारों को दुकानों और ऑफिस की चाबी सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री हरिफाटक पुल चौड़ीकरण योजना का भूमि पूजन भी करेंगे। 97 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत पुल को 2-लेन से 6-लेन किया जाएगा।
यह पुल महाकाल लोक-मंदिर, इंदौर मार्ग और शहर के मध्य क्षेत्र का सबसे व्यस्त कनेक्शन है। चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं और नागरिकों के आवागमन में आसानी होगी, जाम की समस्या कम होगी और सिंहस्थ-2028 के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट मजबूत होगा।