भाजपा विधायक के बेटे और 551 जोड़ों का एक ही पंडाल में हुआ विवाह, चार दुल्हनों को हेलीकाप्टर से कराया भ्रमण
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर मालवा: शहर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में रविवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ। इसमें भाजपा के आगर विधायक मधु गहलोत के बेटे मोहित के अलावा 551 कन्याओं का भी विवाह हुआ। चार कन्याओं को हेलीकाप्टर से भ्रमण कराया गया। इसमें एक दिव्यांग कन्या को विधायक व अन्य लोग गोद में उठाकर हेलीकाप्टर तक लेकर पहुंचे।
यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता का केंद्र बना। वर-वधू को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट ने वर्चुअल जुड़कर शुभकामनाएं दीं। वैदिक परंपरा अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराए गए। कन्याओं को गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।
सुबह आठ बजे छावनी नाका, उज्जैन रोड पर सामूहिक बारात निकाली गईं। आयोजन में दादा नरसिंह फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। बैजनाथ रोड स्थित हेलीपैड पर विधायक पुत्र मोहित गहलोत हेलीकाप्टर से बरात लेकर पहुंचे। इसी हेलीकाप्टर से विधायक ने चार निर्धन कन्याओं को बैठाकर सामूहिक विवाह स्थल एवं शहर के ऊपर हवाई यात्रा कराई। दुल्हनों ने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि हेलीकाप्टर में बैठेंगे।
श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन
देवास के लोहारपीपल्या में महामना पं. मदनमोहन मालवीय श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज का निश्शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। महामना ट्रस्ट महासचिव पंकज पंड्या एवं सचिव सचिन जोशी ने बताया कि उक्त सम्मेलन में महामंडलेश्वर धरानंद महाराज बीकानेर (नेमावर घाट) एवं शैलेषानंद महाराज नलखेड़ा (उज्जैन) जूना अखाड़ा के मुख्य आतिथ्य एवं शरद पंडित, राजेंद्र मंडलोई, प्रेमशंकर पांडेय के सान्निध्य में हुआ।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी! पहली बार 1000 से अधिक अग्निवीर चयनित, दूसरी मेरिट सूची में 770 नाम शामिल, इस दिन से शुरू होगी ट्रेनिंग
आयोजन वैदिक पद्धिति से वेद मूर्ति प्रेमनारायण शुक्ल, मंगेश शुक्ल, पं. गोपाल शास्त्री, अनिल दुबे, जितेंद्र पंड्या के आचार्यत्व में सुबह 9 बजे प्रारंभ हुआ। इसमें सात वर-वधू एवं 21 बटुकों ने हिस्सा लिया। भगवान गणेश का पूजन, मंडप ग्रह शांति, यज्ञोपवीत धारण करवाकर चल समारोह निकाला गया। पुष्पवर्षा की गई। महामंडलेश्वरों ने सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन किया।
ट्रस्ट के एसएन पाठक, केके नाईक, ओपी दुबे, पंकज पंड्या, दिनेश दुबे, मनोज व्यास आदि ने स्वागत किया विवाह सम्मेलन में प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, धार, हरदा, भोपाल से वर-वधू व बटुकों ने हिस्सा लिया। मप्र, महाराष्ट्र, राजस्थान, उप्र के समाजजन शामिल हुए।