बारात लेकर रतलाम पहुंचा दूल्हा निकला दुष्कर्म का आरोपी, उज्जैन पुलिस ने दुल्हन के परिवार को किया फोन तो भाग निकला
पुलिस ने दुल्हन पक्ष को फोन कर बताया कि जिस युवक से शादी होने जा रही है, उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने वाला है, सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हं …और पढ़ें

HighLights
- बड़नगर निवासी अभिषेक सेन की थी रतलाम में शादी तय, पुलिस ने दी सूचना
- नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी दूल्हा मंडप से फरार
- पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। बड़नगर निवासी एक युवक की बारात बुधवार को रतलाम के बिलपांक पहुंची। इस बीच शादी से पहले पुलिस ने दुल्हन पक्ष के लोगों को सूचना दी कि दूल्हा नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी है। जानकारी लगते ही दूल्हा मंडप से फरार हो गया।
बड़नगर पुलिस ने बताया कि शिक्षक कॉलोनी निवासी अभिषेक सेन की शादी रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। दो दिनों से शादी के कार्यक्रम के बाद बुधवार को बारात बिलपांक पहुंची थी। रात करीब आठ करीब बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचने वाला था।
इसी दौरान पुलिस ने दुल्हन पक्ष को फोन कर बताया कि जिस युवक से शादी होने जा रही है, उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने वाला है। सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हंगामा मच गया। दोनों पक्षों ने बातचीत के बाद शादी रोक दी थी। इसके बाद दूल्हा मौके से फरार हो गया।
नाबालिग की शिकायत पर केस
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक नाबालिग ने शिकायत की है कि 5 जनवरी को आरोपी अभिषेक ने उसके घर में घुसकर धमकी देकर दुष्कर्म किया था। 6 अप्रैल को पीड़िता ने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। 8 अप्रैल को अस्पताल में डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की जानकारी दी थी।
इसके बाद पीड़िता ने घटनाक्रम के बारे में बताया था। जिसके बाद पुलिस ने शादी रुकवाने के लिए दुल्हन पक्ष से संपर्क किया था। आरोपित अभिषेक के खिलाफ पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।