उज्जैन में चाइना डोर से नाबालिग बाइक सवार का गला कटा, हालत नाजुक
उज्जैन में चाइनीज डोर पर रोक के बाद भी लगातार इससे लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार को जयसिंहपुरा इलाके में एक नाबालिग बाइक चालक इ …और पढ़ें

HighLights
- एक महीने में पांच लोग चाइना डोर की चपेट में आ चुके हैं
- सख्ती के बाद भी पतंगबाजी में धड़ल्ले से हो रहा उपयोग
- हाल में चाइना डोर से एक व्यक्ति की नाक कट गई थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जयसिंहपुरा में बुधवार दोपहर एक बाइक सवार नाबालिग चाइना डोर की चपेट में आ गया। गले की नस कटने से उसे गंभीर हालत में चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल दोपहिया वाहन से राजीव रत्न कॉलोनी स्थित घर से महाकाल मंदिर के बाहर अपनी फूल-प्रसाद की दुकान पर जा रहा था।
प्रेम पुत्र तिलक कुलवाडिया उम्र 17 वर्ष निवासी राजीव रत्न कालोनी के परिवार की महाकाल मंदिर के बाहर फूल-प्रसाद की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे प्रेम बाइक से अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था। जयसिंहपुरा में उसके गले में चाइना डोर फंस गई थी। प्रेम बाइक रोकता उससे पहले ही चाइना डोर ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इससे उसके गले की नस कट गई और खून बहने लगा था। राहगीरों ने उसे तत्काल उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि गले की नस के अंदर तक घाव हो गया है। इससे वह फिलहाल बोल भी नहीं पा रहा है।
शनिवार को भी व्यक्ति हुआ था घायल
तुलसीराम पुत्र रामलाल राठौर उम्र 52 वर्ष निवासी गायत्री नगर हलवाई का काम करता है। शनिवार को वह दोपहिया वाहन से इंदिरा नगर से गुजर रहा था। उसी दौरान उसके चेहरे पर चाइना डोर आ गई थी। राठौर डोर को हटाता इससे पूर्व ही उसकी नाक कट गई। गनीमत रही कि राठौर की आंखें बच गई। वहीं हाथ में भी गंभीर चोट लगी है। लोगों ने उसे उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया था।
ये घटनाएं भी हुईं
- 20 दिसंबर को छात्र योगेश पुत्र ईश्वर आंजना उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पिपलियाधूमा झारड़ा बाइक चलाते समय चाइन डोर से घायल हो गया था। आंजना के गले में 10 टांके लगाने पड़े थे।
- विपुल महिवाल नामक युवक 7 दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे दोपहिया वाहन से जीरो पाइंट ब्रिज से गुजर रहा था। उसी दौरान उसके गले में चाइना डोर फंस गई थी। डोर से उसका गला कट गया था। पाटीदार अस्पताल में युवक के गले में टांके लगाए गए थे।
- इसके अलावा एक अन्य युवती का भी जीरो पाइंट ब्रिज पर गला कट गया था।
गला कटने से हो चुकी छात्रा की मौत
15 जनवरी 2022 को जीरो पाइंट पुल से दोपहिया वाहन से गुजर रही 11वीं कक्षा की छात्रा नेहा आंजना की चाइना डोर से गला कटने से मौत हो चुकी है।
पुलिस की सख्ती के बाद भी उपयोग जारी
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने चाइना डोर की बिक्री, उपयोग पर प्रतिबंध लगा रखा है। जिले की पुलिस भी लगातार चाइना डोर को लेकर सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस पतंग दुकानों की जांच के अलावा घरों की छतों पर जाकर पतंग उड़ा रहे बच्चों की डोर की जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस बच्चों को समझाइश भी दे रही है कि वह चाइना डोर का उपयोग ना करें, इससे लोगों की जान भी जा सकती है। मगर इसके बाद भी डोर का उपयोग नहीं रोका जा रहा है।