उज्जैन जिले के झलारिया गांव में तीन साल का बच्चा 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा, रेस्क्यू जारी
पाली (राजस्थान) से भेड़ लेकर कुछ लोग बड़नगर के झलारिया में आए हुए हैं, इस डेरे में शामिल तीन साल का बच्चा गुरुवार को बोरवेल में गिर गया। …और पढ़ें

HighLights
- बोरवेल में गिरा बच्चा 60 फीट गहराई में अटका, प्रशासन की टीम जुटी
- कलेक्टर और एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर दिए निर्देश, ग्रामीणों की भीड़
- खेत मालिक पर हो सकती है कार्रवाई, बोरवेल बिना सुरक्षा के था खुला
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। उज्जैन जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम झलारिया में गुरुवार को गंभीर हादसा हो गया। भेड़ चराने वाले डेरे के साथ आया बालक खेत में खुले बोरवेल में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। बालक 60 फीट गहराई पर फंसा हुआ है। अधिकारियों की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है।
टीआई अशोक पाटीदार ने बताया कि पाली (राजस्थान) से भेड़ लेकर कुछ लोग बड़नगर के झलारिया में आए हुए हैं। गुरुवार को डेरे के सदस्य झलारिया में भेड़ चरा रहे थे। उसी दौरान भागीरथ पुत्र प्रवीण देवासी उम्र तीन वर्ष निवासी गुड़ानला जिला पाली राजस्थान पलदूना रोड स्थित खेत में खुले बोरवेल में गिर गया। डेरे के लोगों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी थी।

रातभर जुटी रही रेस्क्यू टीम
बताया जा रहा है कि बालक 60 फीट गहराई में अटका हुआ है। रातभर प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी रही। झलारिया में बोरवेल में बालक के गिरने के तुरंत बाद उसे निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। रात में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गए और रेस्क्यू को गति देने के निर्देश दिए।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए थे। प्रशासन व बचाव दल के सदस्य बालक को बोरवेल से बाहर निकालने में लगे हुए हैं। बोरवेल जिस खेत में स्थित है वह अय्यूब पुत्र जलील खान का बताया जा रहा है। ऐसे में खेत मालिक पर कार्रवाई की जा सकती है।