शनिवार रात 8.55 बजे कार बड़नगर रोड पर बने शिप्रा के बड़े पुल से नीचे गिर गई थी। इसमें उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, उप निरीक्षक मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल बैठे थे। तीनों एक गुमशुदा नाबालिग की तलाश में चिंतामण क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना हुई। रविवार सुबह थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव मिल गया था।
Publish Date: Mon, 08 Sep 2025 08:14:36 PM (IST)
Updated Date: Mon, 08 Sep 2025 08:21:14 PM (IST)
HighLights
- उज्जैन में कार नदी में गिरने का वीडियो सामने आया।
- तीन किलोमीटर दूर मिला दुर्घटनाग्रस्त कार का बंपर।
- आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शिप्रा नदी के बड़े पुल से शनिवार रात को गिरी कार में बैठे एसआई मदनलाल निनामा का शव मिल गया है। दुर्घटना के 43 घंटे बाद शव करीब छह किलाेमीटर दूर भैरवगढ़ पुलिया के समीप नदी में मिला है। आरक्षक की तलाश की जा रही है।
पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम लगातार सर्चिंग अभियान कर रही है। इस बीच दुर्घटनाग्रस्त कार एमपी-13-सीसी-7292 का बंपर दुर्घटनास्थल से तीन किमी दूर मिला है। वहीं कार के पुल से गिरने का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार रात 8.55 बजे कार बड़नगर रोड पर बने शिप्रा के बड़े पुल से नीचे गिर गई थी। इसमें उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, उप निरीक्षक मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल बैठे थे।
तीनों एक गुमशुदा नाबालिग की तलाश में चिंतामण क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना हुई। रविवार सुबह थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव मिल गया था।
मगर एसआई निनामा और महिला आरक्षक पाल का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों में शामिल 70 से अधिक बचावकर्मी दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं।
सामने से तेज गति से आता दिखा वाहन
कार के नदी में गिरने का वीडियो सामने आया है। इसमें कार के सामने से तेज गति से आता एक वाहन भी दिख रहा है। पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अंधेरा होने के कारण वीडियो में कुछ अधिक स्पष्ट गतिविधियां नजर नहीं आ रहीं।
बंपर मिला, रेस्क्यू तेज
इस बीच सोमवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त कार का बंपर भृर्तहरि गुफा के समीप नदी से बरामद किया गया है। बचाव दल ने संभावना जताई कि कार भी आसपास हो सकती है। रेस्क्यू आपरेशन और तेज कर दिया गया है। इसके लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जा रहा है।
दुर्घटना के 43 घंटे बाद मिला एसआई का शव
शनिवार रात को दुर्घटना करीब 8.55 बजे हुई थी। इसके बाद से लगातार एनडीआरएफ, होमगार्ड के जवान एसआइ निनामा व आरक्षक आरती की तलाश कर रहे थे। सोमवार शाम को करीब चार बजे एसआइ मदनलाल निनामा का शव दुर्घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर भैरवगढ़ पुलिया के समीप शिप्रा नदी में मिला है। आरक्षक आरती पाल अब भी लापता है।

