हरियाणा में सरकारी कर्मचारी से लाखों की ठगी के मामले में उज्जैन से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर कर्मचारी से 10 लाख से ज्यादा की ठगी की। पुलिस ने खातों के ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Mon, 15 Dec 2025 02:34:25 AM (IST)
Updated Date: Mon, 15 Dec 2025 02:35:32 AM (IST)
HighLights
- पार्ट टाइम जॉब के नाम पर हरियाणा के सरकारीकर्मी के साथ ठगी
- ट्रांजेक्शन नंबर के आधार पर हरियाणा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
- आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर सिरसा रवाना हो गई पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन: हरियाणा के सिरसा जिले के सदर डबवाली थाना क्षेत्र में एक सरकारी कर्मचारी के साथ लाखों की ठगी की गई थी। मामले में उज्जैन जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हरियाणा के लिए रवाना हो गई।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों की ठगी की गई थी। साइबर ठगाें ने वहां एक सरकारी कर्मचारी को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर साढ़े 10 लाख रुपये की चपत लगा दी थी। कर्मचारी ने शिकायत की थी कि सितंबर में इंटरनेट मीडिया टेलीग्राम एप पर एक मैसेज मिला था। जिसमें पार्ट टाइम जाब करने व टास्क पूरा कर रुपये कमाने का ऑफर दिया गया था।
ठगों ने फर्जी वेबसाइट लिंक भेजकर कर्मचारी का अकाउंट बनवाया था। इसके बाद टास्क पूरा करने के नाम पर बार-बार रुपये निवेश करवाकर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांजेक्शन करवाकर करीब साढ़े 10 लाख रुपये हड़प लिए थे।
यह भी पढ़ें- रातलाम के कबाड़ गोदाम में चार दिन बाद फिर भभकी आग, क्षेत्र में अफरा-तफरा का माहौल
जिन बैंक खातों में ट्रांजेक्शन हुए थे उनके नंबर के आधार पर हरियाणा की पुलिस ने उज्जैन से अजय पुत्र छोटेलाल सूर्यवंशी उम्र 32 साल निवासी वल्लभनगर, संजय पुत्र महेश नामदेव उम्र 32 साल निवासी तिरुपति सैफरन एवं दीपक पुत्र बाबूलाल उम्र 32 साल निवासी इंगोरिया उज्जैन को गिरफ्तार किया है। तीनों के बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर हुए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।

